विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बाइडन ने ओमिक्रोन से निपटने की योजना का किया खुलासा, लोगों से की वैक्सीन लगवाने की अपील

By Manish PandeyEdited By:
Published: Wed, 22 Dec 2021 09:22 AM (IST)

Omicron Cases in America व्हाइट हाउस में दिए गए अपने संबोधन में बाइडन ने कहा कि हम विशेषज्ञों की चेतावनी ...और पढ़ें

राष्ट्रपति ने लोगों से खुद को वायरस से बचाने के लिए वैक्सीन लगवाने की भी अपील की है।
राष्ट्रपति ने लोगों से खुद को वायरस से बचाने के लिए वैक्सीन लगवाने की भी अपील की है।

वाशिंगटन, एएनआइ। अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों में कोरोना के नए ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ओमिक्रोन की रफ्तार से निपटने के लिए राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी योजना का खुलासा किया है। इसमें सबसे जरूरी अस्पतालों को समर्थन बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही घर पर किए जाने वाले कोरोना टेस्ट की संख्या को बढ़ाने की भी बात कही गई है। राष्ट्रपति ने लोगों से खुद को वायरस से बचाने के लिए वैक्सीन लगवाने की भी अपील की है।

व्हाइट हाउस में दिए गए अपने संबोधन में बाइडन ने कहा कि हम विशेषज्ञों की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में ओमिक्रोन के मामलों की बढ़ती संख्या से निपटने की तैयारी कर रहे हैं। बाइडन ने कहा कि सरकार की योजना जनवरी तक 50 करोड़ लोगों के लिए कोरोना जांच किट खरीद कर घर पर भेजने की है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला उन समस्याओं से निपटने के लिए एक बड़ा कदम है, जिनका सामना अमेरिकियों को महामारी के दौरान कोरोना जांच के लिए करना पड़ा था।

व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन साकी ने मंगलवार को कहा कि बाइडन प्रशासन अभी भी घर पर कोरोना जांच की योजना के विवरण पर काम कर रही है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण यह है कि सरकार लोगों तक यह जांच किट कैसे पहुंचाएगी और क्या कुछ समूहों को जांच के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। बाइडन ने कहा कि अमेरिकी में जिन लोगों ने कोरोना के खिलाफ टीका लगवाया है और वैक्सीन की बूस्टर डोज ली है, उन्हें गंभीर बीमारी से उच्च स्तर की सुरक्षा मिलती है।

राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को एक सार्वजनिक संबोधन में कहा कि अगर आप ने पूरी तरह से वैक्सीन नहीं ली है, तो यह आपके लिए चिंता का विषय है। वहीं, फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (फेमा) देश भर में जरूरतों का आकलन करने और मास्क, दस्ताने और वेंटिलेटर जैसी आपूर्ति की तैयारी के लिए योजना अधिकारियों को तैनात कर रही है। राष्ट्रपति ने घोषणा की कि फेमा देश भर में मोबाइल टीकाकरण क्लीनिक स्थापित करेगी। वाशिंगटन, डीसी में अब तक एक नई मोबाइल इकाई और न्यू मैक्सिको में चार नई मोबाइल इकाइयों की योजना है।

गौरतलब है कि अमेरिका में ओमिक्रोन ने संक्रमण में मामले में पिछले डेल्टा वैरिएंट को भी पीछे छोड़ दिया है। अब अमेरिका में ओमिक्रोन प्रमुख संस्करण बन गया है। संघीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि देश में पिछले हफ्ते मिले नए मामलों में से 73 फीसद ओमिक्रोन के मामले हैं। इसके साथ ही टेक्सास राज्य में कोरोना वायरस के नए ओमिक्रोन स्वरूप से एक मरीज की मौत हो गयी, जो देश में संक्रमण के इस स्वरूप से मौत का पहला मामला है।