खुदकुशी से दो दिन पहले एपस्टीन ने वसीयत पर किए थे दस्तखत, खुले ये अहम राज
पीड़िताओं के वकील एपस्टीन की वसीयत का विश्लेषषण कर रहे हैं। वे उसकी संपत्ति से पीड़ितों को मुआवजा देने की बात कर रहे हैं।
न्यूयॉर्क, एजेंसी। अमेरिका के अरबपति फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन ने न्यूयॉर्क की जेल में खुदकुशी से दो दिन पहले अपनी वसीयत पर हस्ताक्षर किए थे। कोर्ट में जमा कराए गए नए दस्तावेजों में यह जानकारी सामने आई है।
इन दस्तावेजों के अनुसार, एपस्टीन के पास 5.6 करोड़ डॉलर की नकदी (करीब 400 करोड़ रूपये) समेत 57.7 करोड़ डॉलर (करीब 4100 करोड़ रूपये) की संपत्ति थी। वसीयत सामने आने से एपस्टीन के खिलाफ चल रहे मुकदमों में नया मोड़ आ सकता है।
नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण समेत एपस्टीन के खिलाफ कई मुकदमे चल रहे थे। कई यौन अपराधों के लिए उसे दोषी भी ठहराया जा चुका था। मौत के बाद उस पर चल रहे आपराधिक मामले जारी नहीं रखे जा सकते। इसी के चलते अभियोजन पक्ष ने सोमवार को उस पर चल रहे मुकदमे खारिज कराने की तैयारी शुरूकर दी।
दूसरी ओर, पीड़िताओं के वकील एपस्टीन की वसीयत का विश्लेषषण कर रहे हैं। वे उसकी संपत्ति से पीड़ितों को मुआवजा देने की बात कर रहे हैं। एक वकील ने कहा कि एपस्टीन की सारी संपत्ति पीड़ितों को दे दी जानी चाहिए। उन्हें अब यही न्याय मिल सकता है। मैं सभी पीड़िताओं की ओर से लड़ने के लिए तैयार हूं।
दो द्वीपों का था मालिक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन का करीबी एपस्टीन लिटिल सेंट जेम्स और ग्रेट सेंट जेम्स नामक दो द्वीपों का मालिक था। न्यूयॉर्क सिटी में एक टाउनहाउस और मैनहट्टन व न्यू मेक्सिको में उसके कई घर और अपार्टमेंट हैं। 11.2 करोड़ डॉलर (करीब 800 करोड़ रूपये) के शेयर और बांड के अलावा उसके पास कई लग्जरी कारें, विमान और नौकाएं भी थे।