आइएस के वीडियो में अंग्रेजी में आवाज देने वाले आतंकी को खुफिया एजेंसियों ने पकड़ा
पिछले महीने सीरिया में अमेरिका के समर्थन वाले लड़ाकों की पकड़ में आए आतंकी मुहम्मद खलीफा ने कहा है कि आवाज उसकी थी।
द न्यूयॉर्क टाइम्स, वाशिंगटन। चार साल पहले आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) के कई वीडियो में सुनाई दी एक आवाज ने सभी को चौंका दिया था। उन वीडियो में आवाज देने वाले की शक्ल नहीं दिखाई देती थी, लेकिन उत्तर अमेरिकी लहजे में अंग्रेजी के शब्दों का साफ उच्चारण खुफिया एजेंसियों के लिए पहेली बन गया था।
अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआइ ने लोगों से उसे दबोचने में मदद की अपील भी की थी। अब वह पहेली सुलझ गई है। पिछले महीने सीरिया में पकड़े गए आतंकी ने स्वीकार किया है कि आवाज उसकी थी।
2014 में आइएस के कई वीडियो में कुछ सीरियाई सैनिक अपनी ही कब्र खोदते दिखे थे। इसके बाद आतंकियों ने उन्हें गोली मार दी थी। इन वीडियो में एक स्पष्ट अंग्रेजी आवाज थी, जिसने खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया था। पिछले महीने सीरिया में अमेरिका के समर्थन वाले लड़ाकों की पकड़ में आए आतंकी मुहम्मद खलीफा ने कहा है कि आवाज उसकी थी।
खलीफा कनाडा का नागरिक है और उसने टोरंटो के एक कॉलेज से पढ़ाई की थी। उसने टेक्नोलॉजी कंपनी आइबीएम के कॉन्ट्रेक्ट पर एक कंपनी में नौकरी भी की थी। खलीफा ने खुद को आतंकी संगठन के मीडिया विभाग का कर्मचारी बताया। उसने अपने कृत्यों पर कोई अफसोस जाहिर नहीं किया है।