'भारत के आंतरिक मामलों में दखल बर्दाश्त नहीं', SIR विवाद पर भारतीय राजदूत ने अमेरिकी सांसद को दिया करारा जवाब
भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल की भारत में मतदाता सूचियों पर टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया है।
-1792087913292_m.webp)
भारतीय राजदूत ने जयपाल की टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया।
HighLights
भारतीय राजदूत ने जयपाल की टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया।
इसे भारत के आंतरिक मामलों में सीधा हस्तक्षेप करार दिया।
भारत को जीवंत लोकतंत्र और स्वतंत्र चुनाव वाला देश बताया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। भारत में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर सवाल उठाने वाली अमेरिका की डेमोक्रेट सांसद प्रमिला जयपाल की टिप्पणी को भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अस्वीकार्य करार दिया है।
क्वात्रा ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, 'भारत की चुनावी और राजनीतिक प्रक्रियाओं पर हाउस आफ रिप्रेजेंटेटिव की सदस्य प्रमिला जयपाल की टिप्पणियां भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप है, जो अस्वीकार्य है। भारत एक जीवंत लोकतंत्र है, जहां मजबूत व स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाएं हैं और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनावों का लंबा इतिहास रहा है।'
भारतीय राजदूत ने कहा कि जयपाल की गलतफहमियां दूर करने के लिए वह उनके साथ रचनात्मक बातचीत के लिए हमेशा तैयार हैं। जयपाल ने बुधवार को भारत में मसौदा मतदाता सूचियों से 13 करोड़ नाम हटाए जाने पर चिंता जताई थी।
उन्होंने भारत में 'लोकतंत्र-विरोधी प्रयासों' का मुकाबला करने के लिए अहिंसक प्रदर्शनों का भी समर्थन किया था। उनका कहना था कि भारत में हो रही घटनाएं अमेरिका में ट्रंप प्रशासन की कार्रवाई जैसी रणनीति का हिस्सा लगती हैं जिसके तहत लोकतंत्र में मताधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।
सोर्स-न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
