अमेरिकी मीडिया को भारत की दोटूक, 'पाकिस्तानी कश्मीर' शब्द के इस्तेमाल पर जताई सख्त आपत्ति
दुनिया में कहीं भी पाकिस्तानी कश्मीर नहीं है बल्कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला कश्मीर है। यह बात अमेरिका में भारतीय दूतावास ने बुधवार को बयान जारी कर कही है।

अमेरिकी अखबार की हेडलाइन 'पाकिस्तानी कश्मीर' पर भारत ने जताई आपत्ति
HighLights
अमेरिकी अखबार के कश्मीर के गलत उल्लेख पर भारत का कड़ा विरोध
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पूरे हिस्से पर भारत के वैध दावे को किया गया रेखांकित
भारत सरकार ने वैश्विक स्तर पर फिर दोहराया अपना पुराना और स्पष्ट रुख
पीटीआई, वाशिंगटन। दुनिया में कहीं भी पाकिस्तानी कश्मीर नहीं है बल्कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला कश्मीर है। यह बात अमेरिका में भारतीय दूतावास ने बुधवार को बयान जारी कर कही है।
बयान में दूतावास ने न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार में प्रकाशित समाचार में पाकिस्तानी कश्मीर का उल्लेख होने पर आपत्ति जताई है और उसे भ्रमित करने वाला व असत्य कहा है।
दूतावास ने कहा है कि केंद्रशासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर और लद्दाख, भारत के अविभाज्य अंग हैं। इन सभी में निरंतर खुशहाली बढ़ रही है और उनका विकास हो रहा है।
जबकि पाकिस्तान के अवैध रूप से कब्जे वाले हिस्से में लोग दुखी, परेशान, बेरोजगार और अधिकारविहीन हैं। इसीलिए वहां पर लगातार हिंसा हो रही है।
यह हिंसा सरकार द्वारा आमजनों की आवाज दबाने के लिए हो रही है। अखबार ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सुरक्षा बलों की फायरिंग में 30 लोगों के मारे जाने की सूचना के साथ समाचार में आपत्तिजनक उल्लेख किया था।
