विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सेना की दया पर चल रही पाकिस्तान सरकार', UN में भारत ने पाक को जमकर धोया

Published: Sat, 03 Oct 2026 11:00 PM (IST)

भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान की टिप्पणी को खारिज करते हुए कहा कि उसकी सरकार सेना ...और पढ़ें

संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को लताड़ा (शहबाज शरीफ फाइल फोटो)

संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को लताड़ा (शहबाज शरीफ फाइल फोटो)

HighLights

  1. भारत ने जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान की टिप्पणी को किया खारिज।

  2. कहा, पाकिस्तान सरकार सेना की दया पर कर रही है कार्य।

  3. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख भारत के अविभाज्य अंग हैं।

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। भारत ने जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान की टिप्पणी को खारिज करते हुए कहा है कि पाकिस्तान की तथाकथित लोकतांत्रिक सरकार सेना की दया पर कार्य कर रही है और मुश्किलों के बीच कार्यकाल पूरा कर कर रही है। ऐसी सरकार को किसी पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।

भारत ने यह बात संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन में पाकिस्तान के बयान के जवाब में कही है। भारत ने केंद्रशासित जम्मू और कश्मीर और लद्दाख पर पाकिस्तान द्वारा दिए बयान को सिरे से खारिज कर दिया है। कहा कि जम्मू और कश्मीर और लद्दाख भारत के अविभाज्य और अविच्छेद्य हिस्से हैं।

हम सभी जानते हैं कि पाकिस्तान की तथाकथित सरकार पूरी तरह से सेना की दया और मर्जी पर कार्य कर रही है, वह जैसे-तैसे मुश्किलों के बीच अपना कार्यकाल पूरा कर रही है। इसलिए उसका भारत के विषय में कोई टिप्पणी करना फिजूल है। यह बात संयुक्त राष्ट्र में भारत की प्रथम सचिव भाविका मंगलानंदन ने पाकिस्तानी बयान के जवाब में कही है।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का जिक्र करते हुए भारत की प्रथम सचिव ने कहा, पाकिस्तानी पूर्व प्रधानमंत्री जेल में हैं और वह बीमार हैं। उन्हें और उनकी पार्टी को चुनाव में भाग लेने का अधिकार नहीं है। लेकिन सेना के दबाव के चलते सरकार इमरान की ओर ध्यान नहीं दे रही है, यह पाकिस्तान की सरकार और वहां के लोकतंत्र की लाचारी है।

ऐसे में अपनी घरेलू समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान की सरकार और सेना भारत को लेकर दुष्प्रचार कर रही है और दशकों से सीमापार से आतंकियों को भेजकर भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। जबकि जम्मू और कश्मीर के जिस हिस्से पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है वहां के लोग उत्पीड़न और अभावों से त्रस्त हैं।

रावलकोट और अन्य शहरों की घटनाएं गवाह हैं कि वहां के लोगों का पाकिस्तानी सेना चरम उत्पीड़न कर रही है। जायज मांगों को दबाने के लिए लोगों की हत्या की जा रही है और उन्हें गायब किया जा रहा है।

लेकिन पाकिस्तान सरकार उनकी ओर ध्यान नहीं दे रही है, वह भारत के बारे में अनर्गल बातें और दुष्प्रचार करने में जुटी है। इस सबका जम्मू और कश्मीर और लद्दाख की स्थिति पर कोई असर नहीं होगा। विश्व समुदाय भी सच्चाई को जानता है। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)