क्यूबा पर अमेरिकी प्रतिबंध खत्म करने के पक्ष में भारत, UN में प्रस्ताव का किया समर्थन
भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में क्यूबा पर अमेरिका द्वारा लगाए गए आर्थिक, वाणिज्यिक और वित्तीय प्रतिबंधों को समाप्त करने के प्रस्ताव का समर्थन किया है।

भारत ने क्यूबा प्रतिबंधों पर UN प्रस्ताव का समर्थन किया।
HighLights
भारत ने क्यूबा प्रतिबंधों पर UN प्रस्ताव का समर्थन किया।
अमेरिका द्वारा लगाए आर्थिक, वाणिज्यिक प्रतिबंध हटाने की मांग।
क्यूबा के विकास हेतु प्रतिबंध हटाना आवश्यक बताया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जिसमें क्यूबा पर अमेरिका द्वारा लगाए गए आर्थिक, वाणिज्यिक और वित्तीय प्रतिबंधों को समाप्त करने की मांग की गई है। भारत ने दोहराया कि इन प्रतिबंधों को हटाया जाना चाहिए, ताकि कैरेबियाई देश अपनी विकास संबंधी आकांक्षाओं को पूरा कर सके।
193 सदस्य देशों वाली महासभा ने बुधवार को इस प्रस्ताव को अपनाया। इसमें 130 देशों ने पक्ष में, 17 ने विरोध में मतदान किया, जबकि 25 देश मतदान से दूर रहे।संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की काउंसलर सौम्या नायर ने भारत की ओर से कहा कि महासभा ने बार-बार इन प्रतिबंधों को खत्म करने की मांग की है।
महासभा ने ऐसे कानूनों और नियमों को भी खारिज किया है, जिनका असर देश की सीमाओं के बाहर तक होता है और जो अन्य देशों की संप्रभुता तथा वहां के लोगों की प्रगति और समृद्धि पर बुरा असर डालते हैं।
उन्होंने कहा, 'भारत, महासभा की उस अपील को दोहराता है, जिसमें सभी देशों से कहा गया है कि वे ऐसे कानूनों और उपायों को लागू करने से बचें, और संयुक्त राष्ट्र चार्टर तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपने दायित्वों का पालन करते हुए, ऐसे कानूनों को रद और अमान्य करें।'
नायर ने कहा, 'बहुपक्षवाद के प्रति भारत की प्रतिबद्धता इस विश्वास पर आधारित है कि अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों का समाधान संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुरूप, बातचीत और कूटनीति के माध्यम से सबसे बेहतर तरीके से किया जा सकता है। इसी भावना के साथ भारत उम्मीद करता है कि प्रतिबंध जल्द से जल्द हटा लिए जाएंगे, ताकि एक ऐसा माहौल बन सके जिसमें क्यूबा के लोग अंतरराष्ट्रीय सहयोग में पूरी तरह से भाग ले सकें और अपनी विकास संबंधी जायज आकांक्षाओं को पूरा कर सकें।'
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
यह भी पढ़ें- 'यह US है, आपकी कम्युनिस्ट तानाशाही नहीं'; यूएन में अमेरिका और क्यूबा के राजनयिक में तीखी बहस
