अमेरिका के कंसास में फुटबॉल मैच के दौरान ट्रक ने लोगों को रौंदा, 6 साल के बच्चे समेत 2 की मौत
कंसास के विचिटा में एक दर्दनाक हादसे में बच्चों के सॉकर मैच के दौरान एक ट्रक मैदान में घुस गया, ...और पढ़ें
-1792292129605_m.webp)
फुटबॉल मैच के दौरान मैदान में घुसा ट्रक (स्क्रीनग्रैब)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में कंसास के विचिटा शहर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां स्ट्राइकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बच्चों के फुटबॉल मैच के दौरान अचानक एक ट्रक मैदान में घुस गया, जिसकी चपेट में आने से 6 साल के मासूम और एक 35 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक चला रही 34 वर्षीय महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
विचिटा पुलिस के कैप्टन आरोन मोसेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन किसी की भी जान को खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि मारे गए दोनों लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया था।
महिला चला रही थी ट्रक
मोसेस ने बताया कि ट्रक को 34 साल की एक महिला चला रही थी। ट्रक स्ट्राइकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पश्चिमी छोर पर स्थित एक मैदान में जाकर रुका। उन्होंने कहा कि महिला जांच में सहयोग कर रही है, लेकिन जब उनसे पूछा गया कि क्या उसे गिरफ्तार किया गया है, तो उन्होंने बस इतना कहा कि वह पुलिस की हिरासत में है।
विचिटा पुलिस चीफ सुलिवन ने कहा, 'हमें पता है कि क्या हुआ है, लेकिन अब हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसा क्यों हुआ। अभी हम उस नतीजे तक नहीं पहुंचे हैं।'
घायलों में बच्चे भी शामिल
पुलिस के अनुसार, घायलों में 5 साल के दो बच्चे, 8 साल के दो बच्चे, 9 साल का एक बच्चा और पांच वयस्क शामिल हैं। इन 10 लोगों के अलावा, एक वयस्क को अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेयर लिली वू ने कहा, 'आज विचिटा के लिए बहुत दुखद दिन है। परिवार शनिवार की दोपहर का आनंद लेने के लिए स्ट्राइकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आए थे, जहां वे अपने बच्चों को सॉकर खेलते हुए देख रहे थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि आगे चलकर ऐसी दुखद घटना घट जाएगी।' (समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
