आप्रवासी महिला ने बच्ची पाने के लिए अमेरिका पर किया मुकदमा
बच्ची इतनी छोटी है कि उसे अभी अपनी मां के दूध की जरूरत है।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अल सल्वाडोर की एक आप्रवासी महिला ने अपनी 11 महीने की बच्ची को हासिल करने के लिए अमेरिकी प्रशासन के खिलाफ कोर्ट में केस किया है। बच्ची इतनी छोटी है कि उसे अभी अपनी मां के दूध की जरूरत है। 30 वर्षीय लिडी डुनास-क्लेरॉस ने प्रशासन से उसकी निर्वासन प्रक्रिया भी रोकने की अपील की है। लिडी चाहती है कि प्रशासन उसकी शरणार्थी याचिका पर पुनर्विचार कर उसे अमेरिका में शरण दे। उसकी शरण संबंधी अर्जी जुलाई में ठुकरा दी गई थी।
लिडी को गुरुवार को उनके देश वापस भेजा जाना था। लेकिन अब यह प्रक्रिया टाल दी गई है। लिडी मई में अपनी बच्ची के साथ अमेरिका में शरण लेने आई थीं। लेकिन अमेरिकी सीमा में दाखिल होने के बाद उन्हें और उनकी बच्ची को अलग कर दिया गया।
शरणार्थी मां-बाप से उनके बच्चों को अलग करने के ट्रंप प्रशासन के फैसले का व्यापक विरोध हुआ था। इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जून में एक कार्यकारी आदेश जारी कर परिजनों को उनके बच्चों से अलग करने पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद लिडी को उनकी बेटी नहीं लौटाई गई।