अमेरिका में कंप्यूटर साइंस में ली डिग्री, फिर भी नहीं मिली नौकरी; हैदराबाद के युवक ने टेक्सस में दी जान
हैदराबाद के साई प्रदीप ने अमेरिका में कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स डिग्री लेने के बाद नौकरी न मिलने से परेशान होकर टेक्सास में आत्महत्या कर ली

साई प्रदीप ने एंडरसन यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ बिजनेस से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की थी (फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। भारत के लगभग राज्य में आपको ऐसे कई परिवार मिल जाएंगे, जिनके घर का कोई न कोई बच्चा अमेरिका जाना चाहता है। कुछ सिर्फ अमेरिका में पढ़ना चाहते हैं, जिससे नौकरी करने पर उन्हें ज्यादा सैलरी मिले। कुछ अमेरिका में सेटल होना चाहते हैं, ताकि जिंदगी में एक नई मिसाल कायम कर सकें।
लेकिन हर बार स्थिति हमारे अनुसार नहीं चलती। कुछ ऐसा ही हैदराबाद के साई प्रदीप के साथ हुआ, जिन्होंने अमेरिका जाकर मास्टर्स डिग्री कर ली, लेकिन नौकरी न मिल पाने के कारण वे बेहद परेशान हो गए थे।
नौकरी न मिल पाने से थे परेशान
परिवार के मुताबिक, हैदराबाद के रहने वाले साई प्रदीप पिछले कुछ वक्त से परेशान चल रहे थे। उन्होंने अमेरिका के साउथ कैरोलिना में एंडरसन यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ बिजनेस से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की थी। तभी से अमेरिका में नौकरी पाने के लिए अपनी जी-जान लगा रहे थे।
महीनों की मेहनत और हर संभव कोशिश के बाद भी साई प्रदीप को नौकरी नहीं मिल पाई। उनके ऊपर पहले से ही आर्थिक दबाव था। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर 21 अगस्त को टेक्सास के सैन एंटोनियो में आत्महत्या कर ली।
शव वापस लाने की कोशिश जारी
साई प्रदीप के शव को हैदराबाद स्थित उनके घर वापस लाने और अंतिम संस्कार व अन्य खर्चों को पूरा करने के लिए एक फंडरेजर शुरू किया गया है। उनकी कजिन दीप्ती ने बताया कि 35 हजार डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 28 हजार डॉलर की रकम इकट्ठी हो गई है।
दीप्ती ने लिखा कि इन सभी व्यवस्थाओं को करने के बाद बची हुई रकम उनके माता-पिता की मदद करने में खर्च की जाएगी। दीप्ती ने बताया कि 2024 में यूएस जाने के बाद साई प्रदीप ने स्पेनिश भी सीख ली थी। प्रदीप की लिंक्डइन प्रोफाइल से पता चलता है कि अमेरिका जाने से पहले उन्होंने हैदराबाद में अमेजन के साथ काम किया था।
