विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका में शादी के कुछ घंटे बाद हेलीकॉप्टर क्रैश: दूल्हे की मौत, दुल्हन उसके शव के नीचे 6 घंटे फंसी रही

Published: Thu, 24 Sep 2026 06:45 AM (IST)

अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में शादी की खुशियां चंद मिनटों में मातम में बदल गईं। डॉसनविले स्थित एक लग्जरी वेन्यू ...और पढ़ें

अमेरिका में शादी के कुछ घंटे बाद हेलीकॉप्टर क्रैश, दूल्हे की मौत (फोटो- सोशल मीडिया)

अमेरिका में शादी के कुछ घंटे बाद हेलीकॉप्टर क्रैश, दूल्हे की मौत (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. चार महीने पहले हुई थी घटना, सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में दोनों की धूमधाम से शादी हुई थी

  2. दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय दूल्हे और हेलीकॉप्टर के पायलट की मौके पर ही मौत हो गई

डिजिटल डेस्क, जॉर्जिया। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां चंद मिनटों में मातम में बदल गईं। डॉसनविले स्थित एक लग्जरी वेन्यू में शादी के बंधन में बंधे एक जोड़े का हेलीकॉप्टर उड़ान भरते ही क्रैश हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय दूल्हे (जो खुद एक पायलट था) और हेलीकॉप्टर के पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नई-नवेली दुल्हन गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के करीब चार महीने बाद पीड़ित दुल्हन ने वेडिंग वेन्यू और हेलीकॉप्टर ऑपरेटर कंपनी के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कराया है।

क्या है पूरा मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जेस्नी सैम और डेव फिजी (दूल्हा) का रिश्ता 10 साल से अधिक पुराना था। 29 मई को जॉर्जिया के 'द रेवरे' नाम के एक आलीशान वेडिंग वेन्यू में सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में दोनों की धूमधाम से शादी हुई थी।

रिसेप्शन खत्म होने के बाद, रात करीब 9:30 बजे नवविवाहित जोड़े को एक होटल जाने के लिए हेलीकॉप्टर (हेलीकॉप्टर सेंड-ऑफ) से रवाना होना था।

दूल्हे ने जताई थी खराब मौसम की चिंता

उड़ान भरने से ठीक पहले, डेल्टा एयरलाइंस के पायलट रहे दूल्हे डेव फिजी ने खराब मौसम और कम दृश्यता को लेकर चिंता व्यक्त की थी।

डेव के पिता के अनुसार, उसने कहा था कि 'वह खुद इस मौसम में उड़ान नहीं भरता'। लेकिन ऑपरेटर ने अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरने की बात कहकर हेलीकॉप्टर को उड़ाया। उड़ान भरने के महज कुछ ही मिनटों बाद हेलीकॉप्टर एक घने जंगलों वाले इलाके में ऊंचे पेड़ों से टकराकर क्रैश हो गया।

दुल्हन का दर्दनाक अनुभव

मुकदमे में कहा गया है कि जेस्नी क्रैश में बेहोश हो गईं। हिप, पैर, गर्दन, उंगलियों, बांह और पेट में गंभीर चोटें आईं। चेहरे और शरीर पर गहरे निशान पड़ गए। करीब छह घंटे तक वे मलबे में फंसी रहीं, उनके ऊपर उनके नवविवाहित पति का शव पड़ा था। जेस्नी को अब भी पीटीएसडी, डिप्रेशन, ग्लानि, चिंता और उड़ान का डर सताता है।

मुकदमे में आरोप

दुल्हन ने वेन्यू द रिवेरे और हेलीकॉप्टर कंपनी प्रेस्टीज हेलिकॉप्टर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मुकदमे में कहा गया है कि मौसम की जांच ठीक से नहीं की गई। बारिश, कोहरे और कम दृश्यता के बावजूद उड़ान भरी गई। पायलट ने भी उड़ान रद नहीं की।