अमेरिका के लिए गंभीर चिंता का विषय है ‘हाफिज सईद’
अमेरिका ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को गंभीर चिंता का विषय बताया है।
वाशिंगटन (एएनआई)। मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को अमेरिका ने गंभीर चिंता का विषय बताया है। 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की गिरफ्तारी नहीं होने पर अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नार्ट ने चिंता जाहिर की और कहा, ‘हाफिज सईद आजाद है, यह अमेरिका के लिए गंभीर चिंता की बात है। उसकी गिरफ्तारी के लिए हमने ईनाम रखा है और वह पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहा है।‘ हीथर नार्ट ने आगे कहा, 'मोदी सरकार के साथ हमारे बहुत गहरे संबंध हैं।‘
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही नवाज शरीफ के एक विवादित बयान से पाकिस्तान में हंगामा हुआ था। एक पाकिस्तानी अखबार में नवाज शरीफ की एक बातचीत प्रकाशित हुई थी। इसमें नवाज़ शरीफ ने स्वीकार किया था कि मुंबई पर 2008 में हुए आतंकी हमले में पाकिस्तान का हाथ था। मुंबई हमले हमले में पाकिस्तान का हाथ होने की बात को को देश की नेशनल सिक्योरिटी कमेटी गलत बता चुकी है।
नवाज शरीफ ने कहा था, ‘पाकिस्तान में अभी भी आतंकी संगठन सक्रिय हैं। क्या हम उन्हें सीमा पार कर मुंबई में घुसकर 150 लोगों को मारने का आदेश दे सकते हैं? क्या कोई मुझे इस बात का जवाब देगा? हम तो केस भी पूरा नहीं चलने देते।‘
हाफिज के सिर पर अमेरिका ने 1 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। इसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है। पाक सरकार ने हाफिज का नाम एग्जिट कंट्रोल लिस्ट (ECL) में भी शामिल किया है। यानी यह पाक छोड़कर नहीं जा सकता। पाकिस्तान ने हाफिज सईद को आतंकी भी माना है।
26 नवंबर 2008 को लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकी मुंबई के ताज होटल में घुस गए और चार दिनों तक वहां कब्जा जमाए रखा था। शहर के सात जगहों पर फायरिंग की थी। इस हमले में 6 अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोग मारे गए थे। जबकि 300 लोग घायल हो गए थे। हाफिज सईद आतंकी संगठन जमात-उद-दावा का चीफ है। ये एक दूसरे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का को-फाउंडर भी है। इन संगठनों का मुंबई के 26/11 हमले समेत भारत में कई आतंकी हमलों में हाथ पाया गया है।