गूगल प्लस सोशल साइट बंद, पांच लाख से ज्यादा यूजर की जानकारी साझा होने का खतरा
गूगल ने कहा है कि प्रभावित डाटा में नाम, ईमेल एड्रेस, पेशा, जेंडर और उम्र शामिल हैं।
वाशिंगटन, प्रेट्र। गूगल इंक ने अपनी सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट गूगल प्लस को बंद करने की घोषणा की है। कंपनी ने कहा है कि एक तकनीकी खामी के चलते उसके पांच लाख से ज्यादा यूजर की जानकारी सार्वजनिक होने का खतरा है। हालांकि कंपनी ने कहा है कि फिलहाल वह उन यूजर के नाम की पुष्टि नहीं कर सकती। इस मुद्दे के कारण गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट इंक के शेयरों के भाव 2.6 फीसद गिर गए हैं।
अल्फाबेट इंक के शेयर 2.6 फीसद से ज्यादा गिरे
गूगल ने नियामक छानबीन के डर से इस मुद्दे को जाहिर नहीं करने का फैसला लिया है। अनाम सूत्रों और आंतरिक दस्तावेजों के हवाले से इस आशय की जानकारी वाल स्ट्रीट जर्नल ने दी है। सोशल साइट में सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी ने बाहरी डेवलपर्स को वर्ष 2015 और मार्च 2018 के बीच प्राइवेट गूगल प्लस डाटा तक पहुंच दी थी। इसके बाद आंतरिक जांचकर्ताओं ने इसका पता लगाया और उसे दुरस्त किया।
हालांकि वाल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक यूजर को इसकी जानकारी नहीं दिए जाने के बारे में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को बताया गया था।
गूगल ने कहा है कि प्रभावित डाटा में नाम, ईमेल एड्रेस, पेशा, जेंडर और उम्र शामिल हैं। हालांकि गूगल के वाइस प्रेसिडेंट (इंजीनियरिंग) बेन स्मिथ ने कहा कि अभी तक हमें इसका कोई प्रमाण नहीं मिला है कि किसी बाहरी एप्लीकेशन डेवलपर को इस तकनीकी खामी की जानकारी थी। इसके साथ ही यह भी पाया गया है कि किसी डेवलपर ने इसका दुरुपयोग नहीं किया था। यह भी सच है कि अब तक किसी भी यूजर की जानकारी का भी दुरुपयोग नहीं किया गया।