दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा दो करोड़ के पार, अमेरिका, ब्राजील और भारत में दुनिया के आधे से अधिक केस
अमेरिका ब्राजील और भारत समेत कई देशों में तेजी से बढ़ते मामलों के साथ ही दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो करोड़ को पार कर गई है। जानें बाकी मुल्कों का हाल...
लंदन, एजेंसियां। अमेरिका, ब्राजील और भारत समेत कई देशों में तेजी से बढ़ते मामलों के साथ ही दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो करोड़ को पार कर गई है जबकि 7.30 लाख से अधिक मौतें हो चुकी हैं। पिछले साल के आखिर में कोरोना का मामला चीन के वुहान शहर में सामने आया था। तब से दुनिया इस भीषण महामारी से जूझ रही है। पहले मामले से एक करोड़ संक्रमितों तक पहुंचने में छह महीने का वक्त लगा था लेकिन एक करोड़ से दो करोड़ तक संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचने में मात्र 43 दिन लगे।
अमेरिका, ब्राजील और भारत में दुनिया के आधे से अधिक केस
विश्व के कुल मामलों में से आधे अकेले अमेरिका (50 लाख), ब्राजील (30 लाख) और भारत (20 लाख) में ही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि असल आंकड़ा कहीं अधिक होगा क्योंकि ऐसे देशों की बहुत बड़ी संख्या है जहां इस महामारी का पता लगाने के लिए जांच की सुविधाओं की बेहद कमी है। वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि उन देशों को भी सतर्कता बरतनी होगी जहां महामारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा चुका है।
ऑस्ट्रेलिया में एक दिन में रिकॉर्ड मौत
दूसरे दौर की कोरोना महामारी के बढ़ते खतरे से जूझ रहे ऑस्ट्रेलिया में एक दिन में रिकॉर्ड 19 पीडि़तों की मौत हुई है। ये सभी मौतें विक्टोरिया प्रांत में हुई। इसी प्रांत में संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। देशभर में 322 नए संक्रमित पाए गए। हालांकि गत 12 दिनों में नए मामलों की यह सबसे निम्न संख्या है। ऑस्ट्रेलिया में अब तक कुल 9,365 संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 314 की जान गई है।
ब्राजील में 572 की मौत, मेक्सिको में 4,376 नए मामले
ब्राजील में महामारी की मार बढ़ती ही जा रही है। देश में रविवार को 572 पीडि़तों की मौत से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख एक हजार 49 हो गया है। 23 हजार 10 नए के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 30 लाख 35 हजार से अधिक हो गया है। वहीं मेक्सिको में रविवार को 4,376 नए कोरोना रोगियों के मिलने से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर चार लाख 80 हजार से अधिक हो गई। 292 और मौतों के साथ मरने वालों की संख्या 52 हजार 298 हो गई है।
एक नजर इन देशों पर
इजरायल : सात पीडि़तों की मौत से मरने वालों की संख्या 600 हो गई है। 678 नए मामले पाए जाने से संक्रमितों का आंकड़ा 83 हजार हो गया है।
संयुक्त अरब अमीरात : 225 नए कोरोना रोगी पाए जाने से संक्रमित लोगों की तादात 62 हजार 525 हो गई। 357 पीडि़तों की जान गई है।
पाकिस्तान : 539 नए संक्रमित मिलने से कुल मामले दो लाख 84 हजार से ज्यादा हो गए। अब तक कुल 6,097 रोगियों की मौत हुई है।
रूस : अब तक कुल आठ लाख 92 हजार संक्रमित पाए गए। जबकि 15 हजार की मौत हुई। इनमें से 4,585 पीडि़तों की जान अकेले मॉस्को में गई।