इन आसान उपायों से आप भी दूर कर सकते हैं लो बीपी की समस्या, नासा ने भी लगाई मुहर
यदि आप लो बीपी से परेशान हैं तो एक अच्छी खबर है। शोधकर्ताओं ने अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की मदद से ऐसे उपाया खोज निकालें हैं जिससे बीपी की समस्या से बचा जा सकता है।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अगर आप भी कम ब्लड प्रेशर यानी लो बीपी से परेशान हैं, तो एक अच्छी खबर है। हालिया शोध के मुताबिक रोजाना एक घंटे का व्यायाम करना और पर्याप्त पानी पीना आपको लो बीपी के कारण चक्कर आने की परेशानी से बचा सकता है। शोधकर्ताओं ने अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की मदद से इस अध्ययन को अंजाम दिया है। अध्ययन में आठ पुरुष और चार महिला अंतरिक्ष यात्रियों को शामिल किया गया था।
दरअसल, अंतरिक्ष से लौटने के बाद यात्रियों को अक्सर ब्लड प्रेशर कम होने के कारण चक्कर और बेहोशी जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। वैज्ञानिकों ने बताया कि नियमित व्यायाम करने से दिल की मांसपेशियों की सेहत सुधरती है। इसके साथ ही अगर शरीर को पर्याप्त पानी भी मिलता रहे, तो पूरी स्थिति सुधर जाती है। अध्ययन के दौरान एक भी अंतरिक्ष यात्री ब्लड प्रेशर के कारण बेहोश नहीं हुआ। नियमित व्यायाम अन्य कई बीमारियों से भी बचाता है।
वास्तव में दिल की मांसपेशियां कमजोर होने की स्थिति में भी हार्ट बहुत कम मात्रा में खून को पंप कर पाता है। इससे शरीर में रक्त-प्रवाह धीमी गति से होता है और व्यक्ति का ब्लड प्रेशर लो हो जाता है। इससे हार्ट अटैक और दिल में इन्फेक्शन का भी खतरा बढ जाता है। हार्ट की आर्टरीज में ब्लॉकेज होने के अलावा दिल की धडकन धीमी होने की वजह से भी ब्लडप्रेशर लो हो जाता है।
सेप्टिसीमिया या कोई गंभीर इन्फेक्शन होने पर भी बीपी तेजी से नीचे चला जाता है। यही नहीं जब थायरॉयड ग्लैंड से हॉर्मोन का सिक्रीशन कम हो जाता है तो ऐसी स्थिति में भी लो बीपी की समस्या हो सकती है। यह भी देखा गया है कि स्ट्रेस से जहां कुछ लोगों का ब्लडप्रेशर बढ़ जाता है, वहीं इससे लो बीपी की भी समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति में मेडिटेशन भी फायदेमंद होता है।