विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हालात बहुत बुरे थे, लेकिन कमाल की सूझबूझ', ट्रंप ने की flydubai के जांबाज भारतीय पायलट की तारीफ

Published: Thu, 01 Oct 2026 09:04 AM (IST)

डोनल्ड ट्रंप ने flydubai की उड़ान में हुए हमले के दौरान जान पर खेलकर यात्रियों को बचाने वाले जांबाज भारतीय पायलट स्मिथ मछार को असली हीरो बताया है।

डोनल्ड ट्रंप ने भारतीय पायलट की तारीफ की।

डोनल्ड ट्रंप ने भारतीय पायलट की तारीफ की।

HighLights

  1. भारतीय पायलट स्मिथ मछार ने बचाई flydubai उड़ान में सबकी जान।

  2. सह-पायलट के हमले के बावजूद दिखाई गजब की सूझबूझ।

  3. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पायलट को बताया असली हीरो।

डिजिटल डेस्क, वांशिगटन। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से इजरायल जा रही flydubai की उड़ान में बुधवार को हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले वाकये ने सबको हैरान कर दिया है। हाईजैक की खबरें, सह-पायलट के हमले और संभावित क्रैश की कोशिश के बीच भारतीय पायलट स्मिथ मछार ने अपनी जान पर खेलकर सूझबूझ से सबकी जान बचाई।

ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भी भारतीय पायलट स्मिथ मछार को हीरो बताया है। साथ ही उनकी बहादुरी की जमकर सराहना भी की है।

ट्रंप और नेतन्याहू की बातचीत

अपने ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने बताया कि उन्होंने इस पूरी घटना को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से लंबी बातचीत की है। ट्रंप ने बताया कि यह घटना दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट के दौरान हुई, जिसे बाद में सऊदी अरब में सुरक्षित उतार लिया गया था। विमान में कथित तौर पर सह-पायलट ने मुख्य पायलट पर चाकू से हमला कर दिया था।

ट्रंप के मुताबिक, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उन्हें फोन पर बताया कि सह-पायलट शायद आतंकी या कोई सिरफिरा था, जिसने अचानक पायलट पर चाकू से वार कर दिया।

ट्रंप ने भारतीय पायलट को बताया हीरो

बता दें कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट स्मिथ मछार ने गजब की हिम्मत दिखाई। ऐसे में ट्रंप ने उनके बारे में कहा कि पायलट की हालत बहुत खराब थी, शायद अब भी है, लेकिन उन्होंने अद्भुत समझदारी दिखाई और एक तरह से वे असली हीरो साबित हुए।

घायल होने के बाद भी पायलट ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला, बाहर की तरफ गिरे और मदद के लिए चिल्लाए, जिससे समय रहते लोगों को खतरे का पता चल गया।

इजरायली यात्री की सूझबूझ पर भी बोले ट्रंप

दूसरी ओर ट्रंप ने इस घटना में एक इजरायली यात्री जो पेशे से एक प्लंबर है, उसके साहसी हस्तक्षेप का भी जिक्र किया। नेतन्याहू के हवाले से ट्रंप ने बताया कि उस प्लंबर ने कॉकपिट में घुसकर सह-पायलट को उसकी सीट से खींचा और पीछे धकेल दिया, जिसके बाद अन्य यात्रियों ने मिलकर उसे काबू में कर लिया।

दिलचस्प बात यह है कि उस यात्री ने बाद में बताया कि उसने विमान उड़ाने के बुनियादी तरीके टीवी शो 'एयर डिजास्टर्स' को देखकर सीखे थे। इसके बाद, विमान के पिछले हिस्से में बैठे अन्य पायलटों और सुरक्षाकर्मियों ने कॉकपिट में पहुंचकर स्थिति को संभाला और विमान को सुरक्षित नीचे उतारा।

'यह अपने आप में बड़ी बात'

अपने बयान में ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि यह पूरी जानकारी उन्हें प्रधानमंत्री नेतन्याहू और अन्य शुरुआती सूत्रों से मिली है, और वह इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन यह अब तक की सबसे हैरान कर देने वाली और साहसिक कहानियों में से एक है।

यह भी पढ़ें- 30 सेकंड में खत्म हो जाती 174 जिंदगियां... भारतीय पायलट स्मित मछार ने कैसे क्रैश होने से रोका प्लेन; Inside Story