न्यूयॉर्क के ट्रंप टावर में लगी आग पर काबू, राष्ट्रपति ने ट्वीट कर दी जानकारी
न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टावर में लगी आग पर पाया गया काबू। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर दी जानकारी। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल।
न्यूयॉर्क (एजेंसी)। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टावर में शनिवार को आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के मुताबिक अमेरिकी समयानुसार ट्रंप टावर की 50वीं मंजिल पर शनिवार शाम करीब 6 बजे आग लगी। हालांकि आग की सूचना मिलते ही तुरंत दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और अब आग पर काबू पा लिया गया है।
ट्रंप टावर में राष्ट्रपति का घर और दफ्तर
इसी इमारत में अमेरिका के राष्ट्रपति का घर और दफ्तर भी है, लेकिन इस समय ट्रंप वॉशिंगटन में हैं। वहीं ट्रंप टावर में अमेरिकी राष्ट्रपति के कारोबारों के समूह ट्रंप ऑर्गनाइजेशन का भी मुख्यालय है। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने आग लगने पर ट्वीट कर कहा, 'अब आग पर काबू पा लिया गया है (अच्छी तरह से बनी इमारत है) फायरमेन (और महिलाओं) ने बहुत अच्छा काम किया है, धन्यवाद!'
ट्रंप टावर में रहती हैं कई बड़ी हॉलीवुड हस्तियां
गौरतलब है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वामित्व वाले इमारत (ट्रंप टावर) अपनी महंगी और पॉश लाइफ स्टाइल के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं और न्यूयॉर्क टावर में कई बड़ी हॉलीवुड हस्तियां भी रहती हैं।
ट्रंप की पत्नी और बेटा भी वॉशिंगटन में
अमेरिका के राष्ट्रपति से पहले बिजनेसमैन रहे ट्रंप का सारा कारोबार इसी ट्रंप टावर से संचालित होता है और उनका परिवार भी इसी इमारत में रहता है। ट्रंप टावर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दूसरा घर है। राष्ट्रपति बनने के बाद अब उनका आधिकारिक आवास 'व्हाइट हाउस' है। वहीं, आग पर काबू पा लेने के बाद ट्रंप के बेटे एरिक ने भी ट्वीट कर दमकल कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया है। जानकारी के अनुसार ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप और बेटा बैरोन ट्रंप भी वॉशिंगटन डीसी में हैं। अमेरिकी अग्निशमन विभाग के मुताबिक आग इमारत के उस हिस्से में लगी है, जो लोगों के रहने के लिए बना है। आग की जो तस्वीरें सामने आईं है उसमें साफ देखा जा रहा है कि आग की लपटें ट्रंप टावर की 50वीं मंजिल से बाहर से आ रही हैं।