ट्रंप ने स्वीकारा था रूस का प्रस्ताव, कोहेन का दावा
ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन का दावा है कि वह उपस्थित थे जब डोनाल्ड जूनियर ने अपने पिता को रूस के प्रस्ताव के बारे में बताया और ट्रंप ने इसे मंजूरी दे दी।
वॉशिंगटन (एएफपी)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूस की दखलअंदाजी के मामले में डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अमेरिकी मीडिया का कहना है कि ट्रंप के निजी वकील रहे माइकल कोहेन ने दावा किया है कि जून 2016 की बैठक से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति रूस की दखलअंदाजी के बारे में जानते थे, जिसमें रूस की ओर से तत्कालीन चुनाव प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन पर गंदगी उछालने की उम्मीद थी।
2016 में ट्रंप टावर में हुई थी मुलाकात
ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर, बेटे डोनाल्ड जूनियर और ट्रंप के चुनावी अभियान के पूर्व चेयरमैन पॉल मैनफोर्ट 9 जून, 2016 को रूसी वकील नतालिया वेसेलनित्सकाया के साथ न्यूयॉर्क के ट्रंप टावर में मिले थे, जो रूस की सरकार को हर एक चीज की जानकारी दे रहे थे। हालांकि ट्रंप, उनके बेटे, उनके वकीलों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने बार-बार कहा है कि उन्हें जुलाई 2017 में इस खबर के सामने आने से पहले इस बारे में कुछ नहीं पता था।
कोहेन का दावा
लेकिन सीएनएन और एनबीसी के मुताबिक, ट्रंप के पूर्व वकील माइकल कोहेन का दावा है कि वह उपस्थित थे जब डोनाल्ड जूनियर ने अपने पिता को रूस के प्रस्ताव के बारे में बताया और ट्रंप ने इसे मंजूरी दे दी। हालांकि, सूत्रों ने सीएनएन को बताया कि अपना पक्ष सिद्ध करने के लिए कोहेन के पास ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे प्रमाणों की कमी है।
सीएनएन और एनबीसी ने अज्ञात स्रोतों का हवाला देते हुए कहा कि कोहेन विशेष वकील रॉबर्ट म्यूलर को अपने दावे पर जोर देने के इच्छुक हैं। बता दें कि म्यूलर 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप की जांच कर रहे हैं और ट्रंप के अभियान से इसके कनेक्शन का पता लगा रहे हैं। म्यूलर ने डेमोक्रेटिक पार्टी के कंप्यूटर नेटवर्क हैकिंग के लिए 12 रूसी खुफिया एजेंटों सहित 31 लोगों को पहले से ही दोषी ठहराया हुआ है।