यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Elon Musk Cancel Twitter Deal: एलन मस्क ने किया ऐलान, नहीं खरीदेंगे ट्विटर, कंपनी पर लगाए जानकारी छिपाने के आरोप
एलन मस्क ने कहा कि वह 44 अरब डालर में माइक्रोब्लागिंग साइट ट्विटर को खरीदने वाले सौदे को समाप्त कर ...और पढ़ें

वाशिंगटन, एजेसियां। दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला कंपनी के सीइओ एलन मस्क (Elon Musk) ने शुक्रवार को एक बड़ी घोषणा की है। दरअसल एलन मस्क ने ट्विटर को एक पत्र भेजा है, जिसमें बताया गया कि उन्होंने ट्विटर डील को अपनी तरफ से रद कर दी है। एलन मस्क ने कहा कि वह 44 अरब डालर में माइक्रोब्लागिंग साइट ट्विटर (Twitter) को खरीदने वाले सौदे को समाप्त कर रहे हैं। समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, उन्होंने कहा कि नकली और स्पेम अकांउट्स की लंबित जानकारी प्रदान करने में ट्विटर विफल साबित हुआ। एलन मस्क के वकील ने ट्विटर पर लिखा कि एलन मस्क ने इस सौदे को टर्मिनेट कर दिया है। ऐसा वो इसलिए कर रहे क्योंकि ट्विटर नकली और स्पेम अकांउट्स की लंबित जानकारी प्रदान करने में असफल रहा है।
Elon Musk sends a letter to Twitter seeking to end USD 44 billion deal, citing lack of info on bot accounts: The Associated Press
— ANI (@ANI) July 8, 2022
ट्विटर ने एलन मस्क को किया गुमराह: मस्क के वकील
वकील ने आगे कहा कि ट्विटर ने एलन मस्क के साथ किए समझौते का उल्लंघन किया है। मस्क के वकील ने आगे यह भी कहा कि ट्विटर कंपनी ने एलन मस्क के सामने गलत और गुमराह करने वाले रिपरिजेंटेशन पेश किए और मर्जर एग्रिमेंट के समय एलन मस्क ने कंपनी पर भरोसा कर लिया। बता दें कि इससे पहले एलन मस्क ने कहा था कि अगर ट्विटर फेक या स्पैम अकाउंट की संख्या 5 प्रतिशत से कम नहीं दिखा पाती है तो वह इस पूरी डील से पीछे हट जाएंगे।
एलन मस्क ने प्लेटफार्म पर मौजूद फेक यूजर्स को लेकर उठाए थे सवाल
हालांकि, इस पूरे मामले पर ट्विटर की तरफ से कहा गया कि रोजाना 10 लाख स्पैम अकाउंट प्लेटफार्म से हटाए जा रहे हैं। कुछ दिनों पहले एलन मस्क ने कहा था कि यह डील कई महत्वपूर्ण सवालों पर अटकी हुई है, जिसमें से एक प्लेटफार्म पर मौजूद फेक यूजर्स भी हैं। उन्होंने कहा था कि हम जल्द ही इसका हल निकालने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि यह हमारे लिए बहुत मायने रखते हैं।
मस्क ने यह भी आरोप लगाया कि स्पैम खातों की सही संख्या बहुत अधिक होने की संभावना है, संभावित रूप से 90 प्रतिशत तक। मस्क ने पहले कहा था कि अधिग्रहण 'आगे नहीं बढ़ सकता' जब तक कि कंपनी अपने स्पैम मीट्रिक का 'प्रमाण' प्रदान नहीं करती।
एलन मस्क को देना होगा 1 अरब डालर का दंड
बता दें कि एलन मस्क के इस ऐलान के बाद ट्विटर के शेयर 6 प्रतिशत तक गिर गए। गौरतलब है कि एलन मस्क को डील रद करने के लिए 1 अरब डालर का भुगतान भी करना पड़ सकता है। क्योंकि इस डील के मुताबिक, दोनों पार्टियों (एलन मस्क और ट्विटर) में जिसकी तरफ से डील रद की जाएगी उसे 1 अरब का दंग देना होगा।
