सेहत पर नजर रखेगी 'इलेक्ट्रिक नाक', अखरोट को लेकर भी किया गया अध्ययन
मैटेरियल्स केमिस्ट्री जर्नल में छपे अध्ययन के अनुसार यह सेंसर डिवाइस पहनने योग्य मौजूदा सेंसर का उन्नत संस्करण है।
वॉशिंगटन, एजेंसी। शोधकर्ताओं ने गैस सेंसर सरीखी एक बेहद संवेदनशील 'इलेक्टि्रक नाक' तैयार की है। पहनने योग्य यह खास सेंसर डिवाइस लोगों की सेहत और पर्यावरण पर नजर रख सकता है। यह जल्द ही बाजार में उपलब्ध होगा।
मैटेरियल्स केमिस्ट्री जर्नल में छपे अध्ययन के अनुसार, यह सेंसर डिवाइस पहनने योग्य मौजूदा सेंसर का उन्नत संस्करण है। यह नया सेंसर स्वचालित होने के कारण ज्यादा संवेदनशील है। जबकि मौजूदा सेंसर को बाहरी ऊर्जा की जरूरत पड़ती है। ये महंगे होने के साथ ही प्रक्रिया में ज्यादा समय भी लेते हैं। अमेरिका की पेन स्टेट यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर हुआंयू चेंग ने कहा, 'सेंसर के लिए नैनोमैटेरियल्स का इस्तेमाल किया जा सकता है क्योंकि ये अपनी खास बनावट के चलते ज्यादा संवेदनशील होते हैं। हमारी योजना विभिन्न मोलेक्यूल में अंतर करने के लिए इलेक्टि्रक नाक सेंसर जैसे सैकड़ों उपकरण बनाने की है।' (आइएएनएस)
आंत और दिल को सेहतमंद बनाए रखता है अखरोट
सेहत के लिए अखरोट का सेवन अच्छा माना जाता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि अखरोट का सेवन आंत और दिल के लिए भी फायदेमंद है। एक अध्ययन में पाया गया है कि अखरोट खाने से ना सिर्फ आंत में लाभकारी बैक्टीरिया की वृद्धि हो सकती है बल्कि इससे हृदय रोग के कुछ खतरों को कम भी किया जा सकता है।
न्यूट्रीशन जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, आंत और हृदय के लिए अखरोट फायदेमंद हो सकता है। अमेरिका की पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी की शोधकर्ता क्रिस्टीना पीटरसन ने कहा, 'नतीजों से जाहिर होता है कि आहार में थोड़ा सुधार करने से सेहत को ज्यादा फायदा हो सकता है। रोजाना 50 से 80 ग्राम अखरोट खाना आंत और हृदय को सेहतमंद बनाने के लिहाज से अच्छा तरीका हो सकता है।' पूर्व के अध्ययनों में भी पाया गया था कि निम्न वसा वाले आहार के साथ अखरोट खाना हृदय के लिए लाभकारी हो सकता है। -प्रेट्र