'साइलेंट किलर' बना डिप्रेशन, USS अब्राहम लिंकन युद्धपोत पर 8 नाविकों ने उठाए आत्मघाती कदम; ओमान की खाड़ी में है तैनात
अमेरिकी नौसेना के विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन के नेतृत्व वाले स्ट्राइक ग्रुप की समुद्र में 286 दिनों की लगातार तैनाती के दौरान आत्महत्या के आठ प्रयास हुए।

अमेरिकी विमानवाहक पोत के 286 दिन के मिशन के दौरान आत्महत्या के आठ प्रयास
HighLights
परमाणु ऊर्जा से संचालित अब्राहम लिंकन पर करीब 5,000 कर्मी तैनात हैं
286 दिनों की लगातार समुद्री तैनाती आधुनिक समय का एक रिकॉर्ड
रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिकी नौसेना के विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन के नेतृत्व वाले स्ट्राइक ग्रुप की समुद्र में 286 दिनों की लगातार तैनाती के दौरान आत्महत्या के आठ प्रयास हुए। पेंटागन ने सांसदों के सवालों के लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। अधिकारियों के अनुसार, तैनाती के दौरान आत्महत्या की कोई घटना नहीं हुई।
परमाणु ऊर्जा से संचालित अब्राहम लिंकन पर करीब 5,000 कर्मी तैनात हैं। यह पोत और उसके साथ मौजूद अन्य युद्धपोत ईरान के साथ संघर्ष के दौरान अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी और सैन्य अभियानों में शामिल रहे।
डेमोक्रेटिक सांसदों के अनुसार, 286 दिनों की लगातार समुद्री तैनाती आधुनिक समय का एक रिकॉर्ड है। अमेरिकी नौसेना के कार्यवाहक सचिव हंग काओ ने 22 सितंबर को सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रांड को भेजे पत्र में बताया कि विमानवाहक पोत और उसके साथ चलने वाले जहाजों पर कुल आठ आत्महत्या प्रयास हुए।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इन घटनाओं में कितने लोग शामिल थे। नौसेना की सामान्य तैनाती छह से नौ महीने की होती है, लेकिन संघर्ष के दौरान इसे बढ़ाया जा सकता है। लंबे अभियानों के दौरान मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अमेरिकी नौसेना के लिए लंबे समय से चिंता का विषय रही हैं।
