खगोलविदों ने धरती की परिक्रमा करने वाला नया 'मिनी मून' खोजा, तीन साल से लगा रहा चक्कर
अमेरिकी खगोलविदों ने धरती का चक्कर लगा रहे एक दूसरे Mini Moon को ढूंढ़ निकाला है। कार जितना बड़ा यह क्षुद्रग्रह पिछले तीन सालों से धरती का चक्कर लगा रहा है।
वाशिंगटन, एएफपी। अमेरिकी खगोलविदों ने पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे एक दूसरे 'मिनी मून' को ढूंढ़ निकाला है। एक कार जितना बड़ा यह क्षुद्रग्रह पिछले तीन वर्षों से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहा है। 1.9-3.5 मीटर (6-11 फीट) व्यास वाले इस 'मिनी मून' को 15 फरवरी की रात एरिजोना में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के सहयोग से संचालित कैटालिना स्काई सर्वे के शोधकर्ताओं केकेपर विएरजोस और टेडी प्रुएन ने पहली बार देखा।
विएरजोस ने बुधवार को ट्वीट किया, 'बड़ी खबर। पृथ्वी की अस्थायी तौर पर परिक्रमा करने वाले वस्तु का पता चला है। संभवत: यह मिनी मून है। इसे 2020सीडी3 नाम दिया गया है। यह एक सी टाइप का क्षुद्रग्रह हो सकता है।' खगोलशास्त्री ने कहा, 'यह बड़ी बात है, क्योंकि यह पृथ्वी की कक्षा में पाया गया दूसरा क्षुद्रग्रह है। अध्ययन से पता चला है कि इसने पृथ्वी की कक्षा में तीन वर्षो पहले प्रवेश किया होगा।
इससे पहले 2006आरएच120 नामक मिनी मून का पता चला था। इसका भी कैटालिना स्काई सर्वे के वैज्ञानिकों ने पता लगाया था। स्मिथसोनियन एस्ट्रोफीजिकल ऑबजर्वेटरी के माइनर प्लैनेट सेंटर ने कहा, 'इस अप्राकृतिक वस्तु का कोई लिंक नहीं पता चल सका है। यह कोई क्षुद्रग्रह हो सकता है, जिसे पृथ्वी ने अपनी गुरुत्वाकर्षण शक्ति से खींच लिया होगा।'
यह सेंटर छोटे ग्रहों और क्षुद्रग्रहों के बारे में आंकड़े इकट्ठा करता है। उसने ट्वीट किया, 'पृथ्वी से इसका जुड़ाव अस्थायी हो सकता है।' उत्तरी आयरलैंड की क्वींस यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता ग्रिगोरी फेडोरेस्ट ने न्यू साइंटिस्ट मैगजीन से कहा, 'जब हम इसके बारे में बात कर रहे हैं, यह धरती-चंद्रमा प्रणाली से दूर जा रहा है। संभावना है कि अप्रैल तक यह पूरी तरह दूर चला जाएगा।' इससे पहले जिस क्षुद्रग्रह 2006आरएच120 के बारे में पता लगाया गया था, उसने सितंबर 2006 से जून 2007 तक पृथ्वी की परिक्रमा की थी।