अमेरिका की आदाजी का 250वां जश्न: समारोह को ट्रंप ने बनाया चुनावी मंच, विरोधियों पर जमकर साधा निशाना
राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर नेशनल मॉल में चुनावी रैली शैली में भाषण दिया, जिसमें देशभक्ति, चुनावी सुधार और साम्यवाद पर जोर दिया गया।
-1783273368509_m.webp)
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति।
HighLights
ट्रंप ने अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर नेशनल मॉल में भाषण दिया।
चुनावी सुधार, साम्यवाद और ईरान पर ट्रंप ने की बात।
खराब मौसम और राजनीतिक विवादों ने समारोह को प्रभावित किया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका की स्थापना के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय समारोह के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को नेशनल माल में चुनावी रैली जैसी शैली में भाषण दिया। खराब मौसम के कारण करीब दो घंटे की देरी से शुरू हुए इस कार्यक्रम में ट्रंप ने देशभक्ति का संदेश देने के साथ चुनावी सुधार, साम्यवाद, ईरान और अपनी सरकार की उपलब्धियों का जोरदार उल्लेख किया।
इस मौके पर 50 देशों के 150 लोगों को माउंट वेरनोन में अमेरिका की नागरिकता दी गई। इनमें बांग्लादेश का भी एक व्यक्ति शामिल है। ईस्ट कोस्ट में भीषण गर्मी के चलते कई कार्यक्रमों को रद करना पड़ा।
इसके चलते हार्टफोर्ड, कनेक्टिकट, पेंसिलवेनिया आदि में जश्न नहीं मनाया जा सका। बोस्टन में आतिशबाजी और कान्सर्ट के सीमित कार्यक्रम हुए। फिलाडेल्फिया में लोगों को घर लौटने का आदेश दिया गया। न्यूयार्क और पिट्सबर्ग में भी आतिशबाजी के समय को बदलना पड़ा।
ट्रंप ने अमेरिकी इतिहास का किया जिक्र
ट्रंप ने अमेरिकी इतिहास, द्वितीय विश्व युद्ध में जीत, चंद्रमा पर मानव की पहली लैंडिंग और राइट बंधुओं की ऐतिहासिक उड़ान जैसी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका दुनिया का सबसे महान राष्ट्र है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस से डाक मतपत्रों (मेल-इन बैलेट) पर कड़े प्रतिबंध लगाने और मतदाता पंजीकरण के लिए नागरिकता का प्रमाण अनिवार्य करने वाले लंबित विधेयकों को पारित करने की अपील की।
ट्रंप का साम्यवाद पर करारा वार
अपने संबोधन में ट्रंप ने साम्यवाद पर करारा वार किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में साम्यवाद जैसी विचारधारा को "कैंसर" की तरह शुरुआती चरण में ही रोकना होगा। उन्होंने कहा कि साम्यवाह हमेशा से लूजर रहा है और रहेगा। ये प्रणाली कभी कारगर साबित नहीं हुई है। हालांकि उन्होंने किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया, लेकिन हाल के महीनों में वह डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रगतिशील नेताओं को कई बार "कम्युनिस्ट" कह चुके हैं। ट्रंप ने यह भी दोहराया कि उनकी सरकार ने ईरान की सैन्य क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचाया और मध्य-पूर्व में अमेरिकी हितों की रक्षा की।
समारोह में आंधी ने डाली अरचन
करीब 40 मिनट के भाषण से पहले तेज आंधी और गरज के साथ बारिश के कारण समारोह स्थल खाली कराया गया था। हजारों लोगों ने पास के संग्रहालयों और सरकारी भवनों में शरण ली। मौसम सामान्य होने के बाद कार्यक्रम दोबारा शुरू हुआ। भीषण गर्मी के बीच वाशिंगटन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके चलते कई स्वतंत्रता दिवस परेड और सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द करने पड़े।
समारोह के दौरान श्वेत राष्ट्रवादी संगठन पैट्रियट फ्रंट के कुछ सदस्य भी वाशिंगटन में मार्च करते दिखाई दिए। हालांकि पुलिस ने किसी हिंसक घटना की सूचना नहीं दी। उधर, ट्रंप प्रशासन के फ्रीडम 250 आयोजन को लेकर राजनीतिक विवाद भी गहरा गया है। कई डेमोक्रेट शासित राज्यों ने इसमें आधिकारिक भागीदारी से इन्कार कर दिया, जबकि कुछ कलाकारों ने कार्यक्रम से दूरी बना ली। आलोचकों का आरोप है कि समारोह को राष्ट्रीय उत्सव के बजाय राजनीतिक मंच में बदल दिया गया है।
हालिया सर्वेक्षण के अनुसार, अधिकांश अमेरिकी नागरिकों का मानना है कि देश की 250वीं वर्षगांठ के आयोजन जरूरत से ज्यादा राजनीतिक हो गए हैं। सर्वे में लगभग तीन-चौथाई डेमोक्रेट समर्थकों और करीब आधे रिपब्लिकन समर्थकों ने भी यही राय व्यक्त की।
उधर, ट्रंप प्रशासन ने राजधानी वाशिंगटन को 250वीं वर्षगांठ के अनुरूप सजाने के लिए कई परियोजनाएं शुरू की हैं। लिंकन मेमोरियल और अन्य ऐतिहासिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया गया है, हालांकि कुछ निर्माण कार्यों और रखरखाव को लेकर आलोचना भी हुई है। आगामी महीनों में भी फ्रीडम 250 के तहत धार्मिक सभाएं, खेल प्रतियोगिताएं और अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
