डार्क मैटर के कारण एलियन के जीवन से अंजान हैं वैज्ञानिक
शोधकर्ताओं का कहना है कि अंतरिक्ष के बारे में हमने एक राय बना ली है। अपनी उसी जानकारी के आधार पर हम बाकी चीजों या घटनाओं को देखते हैं।
लंदन, पीटीआइ। अंतरिक्ष के 95 फीसद हिस्से में डार्क मैटर (एक प्रकार का काला पदार्थ) फैला हुआ है। डार्क मैटर तो असीमित है, लेकिन इसके विषय में हमारी जानकारी सीमित है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इसी वजह से हम खुद से ज्यादा उन्नत एलियनों के सिग्नल पहचानने में चूक रहे हैं।
अपनी बात को पुष्ट करने के लिए स्पेन स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कार्डिज के वैज्ञानिकों ने एक प्रयोग किया। 137 प्रतिभागियों को इमारत और सड़क जैसी मानव निर्मित संरचनाओं और पहाड़ व नदियों की आसमान से ली गई तस्वीरों के बीच भेद करना था। एक तस्वीर में गोरिल्ला की छोटी आकृति को भी शामिल किया गया। वैज्ञानिक देखना चाहते थे कि प्रतिभागी इस छोटे गोरिल्ला पर ध्यान देते हैं या नहीं। प्रयोग से पहले प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता का भी परीक्षण किया गया। प्रयोग पूरा होने के बाद वैज्ञानिकों ने पाया कि विवेकी और बुद्धिमान की जगह कम बुद्धिमान प्रतिभागियों ने अधिक बार गोरिल्ला की पहचान की।
शोधकर्ताओं का कहना है, 'अंतरिक्ष के बारे में हमने एक राय बना ली है। अपनी उसी जानकारी के आधार पर हम बाकी चीजों या घटनाओं को देखते हैं। इसलिए कई बार कोई अलग वस्तु या घटना हमारी आंखों के सामने से गुजर जाती है तो उसका भान तक नहीं होता।'