अमेरिका में कोरोना का कहर, 3,250 मरीजों की मौत के साथ टूटा अब तक का रिकॉर्ड, रोजाना मिल रहे हैं दो लाख से ज्यादा केस
अमेरिका में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। अमेरिका के लिए कोरोना की दूसरी लहर ज्यादा घातक साबित हो रही है। अमेरिका में पहली बार बीते 24 घंटों के दौरान 3250 मरीजों की जान गई है। बाकी मुल्कों का हाल जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका के लिए कोरोना महामारी की दूसरी लहर ज्यादा घातक साबित हो रही है। एक दिन में रिकॉर्ड संख्या में कोरोना पीडि़तों की मौत हुई है। पहली बार बीते 24 घंटों के दौरान 3,250 पीडि़तों की जान गई है। इससे कोरोना से मरने वालों की संख्या दो लाख 90 हजार से अधिक हो गई है। देशभर में अब तक कुल डेढ़ करोड़ से ज्यादा संक्रमित पाए गए हैं।
3,253 लोगों ने तोड़ा दम
समाचार एजेंसी रायटर के डाटा के अनुसार, अमेरिका में बुधवार को तीन हजार 253 मरीजों ने दम तोड़े। इससे पहले गत तीन दिसंबर को रिकॉर्ड 2,861 मरीजों की जान गई थी। बीते 24 घंटे के दौरान दो लाख दस हजार से ज्यादा नए पॉजिटिव केस पाए गए। जबकि गत हफ्ते रोजाना औसतन 2,259 पीडि़तों की मौत हुई और दो लाख पांच हजार 661 नए संक्रमित पाए गए।
वैक्सीन आने से पहले बढ़ सकता है संक्रमण
अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह चेतावनी दी है कि देश में बड़े पैमाने पर वैक्सीन की उपलब्धता होने से पहले संक्रमण और बढ़ सकता है। अमेरिका में सबसे ज्यादा संक्रमित कैलिफोर्निया, टेक्सास और फ्लोरिडा प्रांतों में हैं। कैलिफोर्निया में कोरोना मरीजों की संख्या 14 लाख 50 हजार से ज्यादा हो गई है।
टेक्सास में 14 लाख केस
टेक्सास में संक्रमित लोगों का आंकड़ा 14 लाख के करीब पहुंच गया है। फ्लोरिडा में भी पीडि़तों की संख्या 11 लाख के करीब पहुंच रही है। वहीं मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 12 लाख के पार पहुंच गया है। कुल एक लाख 11 हजार मौत हुई है।
साउथ अफ्रीका ने दूसरी लहर का एलान किया
दक्षिण अफ्रीका में रोजाना के नए केसों का आंकड़ा छह हजार के पार होने पर सरकार ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर का एलान किया है। वहीं स्वीडन में सात हजार 61 नए मामले मिलने से कोरोना पीडि़तों का आंकड़ा तीन लाख के पार पहुंच गया है। अब तक 7,296 पीडि़तों की मौत हुई है।