Coronavirus: अमेरिका ने ईरान, इटली और दक्षिण कोरिया पर लागू किया यात्रा प्रतिबंध
कोरोना वायरस के चलते अमेरिकी ने एहतियातन ईरान इटली और दक्षिण कोरिया से यात्रियों के आने पर प्रतिबंध लगा दिए हैं।
वाशिंगटन, एएनआइ। देश में कोरोना वायरस से पहली मौत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एहतियातन ईरान, इटली और दक्षिण कोरिया से यात्रियों के आने पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। ट्रंप ने अपने देश के लोगों को भी इन देशों की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।
ट्रंप ने कहा कि कोरोना वायरस के और भी मामले बढ़ सकते हैं, लेकिन जो स्वस्थ हैं वो जल्द इससे ठीक हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि किसी भी हालत से निपटने के लिए देश पूरी तरह से तैयार है। अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि पहले चार मामलों का पता चलने के बाद वाशिंगटन में एक संक्रमित मरीज की मौत हो गई। यह घटना किंग काउंटी की है, जो राज्य का सबसे अधिक आबादी वाला क्षेत्र है।
उधर, ऑस्ट्रेलिया में जापान में फंसे डायमंड प्रिंसेज क्रूज से निकाले गए 78 वर्षीय एक व्यक्ति की रविवार को पर्थ के अस्पताल में मौत हो गई। जबकि उनकी 79 वर्षीय पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह भी पति के साथ क्रूज पर थीं।
चीन में 35 और की मौत
चीन में शनिवार को संक्रमण के 573 नए मामले सामने आए। इनमें वुहान की जेलों में बंद 233 लोग भी शामिल हैं। देश में संक्रमित लोगों की संख्या 79,824 हो गई है। 35 और मौतों के साथ चीन समेत दुनिया भर में मरने वालों की संख्या 3000 हो गई है। सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की बैठक में राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा कि महामारी से निपटने के लिए चीन को दीर्घकालिक उपाय करने होंगे।
इटली में 34 की जान गई
इटली में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 34 हो गई है। एक दिन में पांच लोगों की मौत हुई है। अब तक 1,694 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 543 लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। जर्मनी में भी पीडि़तों की संख्या तेजी से बढ़कर 129 हो गई है। शनिवार को संक्रमित लोगों की संख्या 66 थी। कोरोना वायरस जर्मनी के 16 में से नौ राज्यों में फैल गया है।
दक्षिण कोरिया में 376 और संक्रमित
दक्षिण कोरिया में 376 और लोगों के संक्रमित होने का पता चला है। इस तरह देश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 3,526 हो गई है। चीन के बाद कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा संक्रमित लोगों की संख्या दक्षिण कोरिया में है। संक्रमण के चलते कई समारोह और चर्च में प्रार्थना सभाएं निरस्त कर दी गई हैं। 70 से ज्यादा देशों ने दक्षिण कोरिया पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिए हैं।