Move to Jagran APP

अमेरिका में बढ़ती जा रही कोरोना की मार; एक दिन में रिकॉर्ड 55 हजार से ज्यादा नए मामले, जानें- अन्य देशों का हाल

एक दिन में मिले रिकॉर्ड 55 हजार से ज्यादा नए मामले। 37 अमेरिकी प्रांतों में तेजी से पांव पसार रही महामारी।

By Nitin AroraEdited By: Published: Fri, 03 Jul 2020 08:58 PM (IST)Updated: Fri, 03 Jul 2020 08:58 PM (IST)
अमेरिका में बढ़ती जा रही कोरोना की मार; एक दिन में रिकॉर्ड 55 हजार से ज्यादा नए मामले, जानें- अन्य देशों का हाल
अमेरिका में बढ़ती जा रही कोरोना की मार; एक दिन में रिकॉर्ड 55 हजार से ज्यादा नए मामले, जानें- अन्य देशों का हाल

वाशिंगटन, एजेंसियां। दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में इस महामारी की मार बढ़ती ही जा रही है। विश्व के इस सबसे शक्तिशाली देश में रोजाना के नए मामलों का नया रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। गुरुवार को 55 हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए। यह एक दिन में नए मामलों का वैश्विक रिकॉर्ड भी बताया जा रहा है। अमेरिका में बुधवार को 52 हजार लोग संक्रमित पाए गए थे। इस देश के 50 में से 37 प्रांतों में महामारी तेज गति से अपने पांव पसार रही है। पाबंदियों में ढील दिए जाने के बाद नए मामलों में तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसके चलते कई प्रांतों में लॉकडाउन में और ढील देने की योजना को फिलहाल टाल दिया गया है।

loksabha election banner

अमेरिका में एक दिन में 55 हजार 274 नए मामले पाए गए। इससे पहले एक दिन में नए मामलों का रिकॉर्ड ब्राजील के नाम था। इस लैटिन अमेरिकी देश में गत 19 जून को रिकॉर्ड 54 हजार 771 मामले पाए गए थे। अमेरिका में कैलिफोर्निया महामारी का नया केंद्र बनता जा रहा है। इस प्रांत में पिछले दो हफ्ते के दौरान नए मामलों की दर 37 फीसद से बढ़कर 56 फीसद हो गई है। अमेरिका के फ्लोरिडा समेत 37 प्रांतों में कोरोना पॉजिटिव की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अकेले फ्लोरिडा में ही गुरुवार को दस हजार से ज्यादा नए मामले मिले। संक्रमण बढ़ने पर टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। टेक्सास में गुरुवार को करीब आठ हजार संक्रमित पाए गए। अमेरिका में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 28 लाख 37 हजार से अधिक हो गई है। अब तक एक लाख 31 हजार से ज्यादा की मौत हुई है।

50 देशों के लिए क्वारंटाइन खत्म करेगा ब्रिटेन

ब्रिटेन 50 से ज्यादा देशोंे से आने वाले लोगों के लिए क्वारंटाइन खत्म करने जा रहा है। ब्रिटिश सरकार ने शुक्रवार को बताया कि जर्मनी, फ्रांस, स्पेन और इटली समेत 50 से ज्यादा देशों से इंग्लैंड आने वाले लोगों के लिए क्वारंटाइन खत्म किया जाएगा। हालांकि इसमें अमेरिका को राहत नहीं दी गई है। यह राहत दस जुलाई से प्रभावी होगी। इसमें उन्हीं देशों को राहत दी जा रही है, जिनमें कोरोना का निम्न खतरा है। सरकार ने गत महीने दुनिया के किसी भी हिस्से से ब्रिटेन आने वाले लोगों के लिए दो हफ्ते का क्वारंटाइन अनिवार्य किया था।

ब्राजील में भी पाए गए 48 हजार नए मामले

अमेरिका के बाद ब्राजील में महामारी तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे के दौरान 48 हजार 105 नए मामले पाए गए। इससे संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 15 लाख के पार पहुंच गया है। जबकि इस अवधि में 1,252 पीडि़तों की मौत से मरने वालों की तादात बढ़कर 62 हजार से ज्यादा हो गई है। ब्राजील में एक दिन पहले 46 हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए थे।

बांग्लादेश : 42 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या 1,968 हो गई है। अब तक कुल एक लाख 56 हजार 391 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं।

रूस : 6,716 नए मामले मिलने से संक्रमित लोगों की संख्या छह लाख 67 हजार से अधिक हो गई है। कोरोना से 9,859 पीडि़त दम तोड़ चुके हैं।

सिंगापुर : सामुदायिक इलाकों में संक्रमण बढ़ने पर अधिकारी लॉकडाउन में दूसरे चरण की राहत देने के बारे में अब सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं।

कजाखस्तान : कोरोना महामारी पर अंकुश पाने के लिए दो और शहरों ओस्केमीन और सेमे में रविवार से फिर लॉकडाउन लगाने की तैयारी है।

पाकिस्तान : दो लाख 21 हजार से ज्यादा संक्रमितों में से एक लाख 13 हजार उबरे। पहली बार उबरने वालों की संख्या सक्रिय मामले से ज्यादा हुई।

मेक्सिको : बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 6,741 नए मामले मिलने से संक्रमित लोगों की तादात दो लाख 38 हजार हुई। 29 हजार से ज्यादा की जान गई।

पेरू : कोरोना से मरने वालों की संख्या दस हजार के पार पहुंची। जबकि पीडि़त लोगों का आंकड़ा भी दो लाख 92 हजार से ज्यादा हो गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.