विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोलीबारी के दौरान मंदिर में परिवार संग मौजूद थे सांसद राजा कृष्णमूर्ति, बोले, ‘भयभीत हूं’

Published: Fri, 16 Oct 2026 06:05 AM (IST)Updated: Fri, 16 Oct 2026 07:01 AM (IST)

कृष्णमूर्ति ने एक बयान में कहा, 'मैं भयभीत हूं कि एक श्वेत वर्चस्ववादी ने औरोरा के मंदिर में भारतीय अमेरिकियों ...और पढ़ें

गोलीबारी के दौरान मंदिर में परिवार संग मौजूद थे सांसद राजा कृष्णमूर्ति (फोटो- रॉयटर)

गोलीबारी के दौरान मंदिर में परिवार संग मौजूद थे सांसद राजा कृष्णमूर्ति (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. परिवार सहित मंदिर में मौजूद रहे सांसद राजा कृष्णमूर्ति बोले, ‘भयभीत हूं’

  2. कहा, यह घटना दिखाती है कि भारतीयों के प्रति नफरत व श्वेत वर्चस्ववाद कितने खतरनाक हैं

  3. रो खन्ना, प्रमिला जयपाल और अन्य अमेरिकी सांसदों ने भी घटना पर जताया तीखा आक्रोश

पीटीआई, न्यूयॉर्क। भारतीय-अमेरिकी डेमोक्रेट सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने गुरुवार को कहा कि वह और उनका परिवार उस समय औरोरा के मंदिर में मौजूद थे, जब एक किशोर ने गोलीबारी करने की कोशिश की थी।

उन्होंने कहा कि वह गोलीबारी की इस कोशिश से भयभीत हैं। कृष्णमूर्ति ने एक बयान में कहा, 'मैं भयभीत हूं कि एक श्वेत वर्चस्ववादी ने औरोरा के मंदिर में भारतीय अमेरिकियों को निशाना बनाकर गोलीबारी करने की कोशिश की। मेरा परिवार और मैं पिछले रविवार को हमले की इस कोशिश के वक्त वहां मौजूद थे।'

उन्होंने कहा, 'इस तरह की हिंसा का खतरा दिखाता है कि भारतीयों के प्रति नफरत व श्वेत वर्चस्ववाद कितने खतरनाक हो गए हैं। इन खतरों को गंभीरता से लेने के लिए निर्दोष लोगों के मारे जाने तक इंतजार नहीं किया जा सकता।'

अमेरिकी सांसद रिच मैककार्मिक, रो खन्ना, अमी बेरा, जेमी रास्किन और हेले स्टीवंस समेत अन्य ने गोलीबारी की कोशिश पर आक्रोश जताते हुए कहा कि किसी भी अमेरिकी को अपने धर्म का पालन करते समय अपनी सुरक्षा को लेकर डरना नहीं चाहिए।

कैलिफोर्निया के सांसद रो खन्ना ने कहा, 'एक हिंदू अमेरिकी के तौर पर, श्वेत वर्चस्ववादी की ओर से मंदिर में गोलीबारी की कोशिश से मैं गुस्से में हूं। हमलावर की दुष्टता से भी बढ़कर उसकी अज्ञानता है। हिंदू धर्म अहिंसा की शिक्षा देता है।'

सांसद प्रमिला जयपाल ने कहा, 'दक्षिण एशियाई लोगों पर आनलाइन और हमारी ही सरकार के नेताओं की ओर से हमले बढ़े हैं। यह नफरत, नस्लवाद और हिंसा पूरी तरह अस्वीकार्य है, हमारे समुदायों को आघात पहुंचा रही है और इसे खत्म होना चाहिए।'

सांसद जेमी रास्किन ने कहा, 'मंदिरों, सिनेगाग, चर्च और मस्जिदों को निशाना बनाने वाली श्वेत वर्चस्ववादी नफरत व हिंसा के विरुद्ध हमें एकजुट और दृढ़ रहना होगा।'

सांसद रिच मैककार्मिक ने कहा, 'किसी के धर्म, राजनीतिक विचारधारा या नस्ल के आधार पर उसके विरुद्ध हिंसा गलत है।'

सांसद अमी बेरा ने कहा कि नफरत से प्रेरित हिंसा से निपटने और अपने समुदायों को इन खतरों से बचाने के लिए कांग्रेस को और कदम उठाने चाहिए।

सांसद श्री थानेदार ने कांग्रेस से हिंदू विरोधी हमलों में बढ़ोतरी से लड़ने की अपील की। हाल ही में भारत यात्रा करने वाली सांसद हेले स्टीवंस ने कहा कि भारतीय-अमेरिकी हमारे समुदाय और देश के लिए बहुत योगदान देते हैं। वे इससे बेहतर व्यवहार के हकदार हैं।