पीठ पर 'पंख' बांधकर उड़ते हुए दफ्तर पहुंचता है युवक, वीडियो शेयर कर बताई वजह
अमेरिका के कोलोराडो में जैकब हट्जलर नामक एक व्यक्ति ट्रैफिक से बचने के लिए पैरामोटर से ऑफिस जाते हैं। इस ...और पढ़ें
HighLights
जैकब हट्ज़लर पैरामोटर से ऑफिस जाते हैं।
ट्रैफिक से बचने के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया।
20 मिनट में ऑफिस पहुंचकर समय बचाते हैं।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। रोजाना ऑफिस आना-जाना अक्सर दिन का सबसे थकाऊ और तनावपूर्ण हिस्सा होता है। सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम सारी एनर्जी को खत्म कर देता है। हालांकि, इस समस्या से पार पाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सहारा लिया जाता है, लेकिन अमेरिका के एक व्यक्ति ने ट्रैफिक से बचने का अनोखा और नया तरीका खोज निकाला है।
युवक सड़क पर गाड़ी चलाने के बजाय अपने ऑफिस सीधा उड़कर पहुंचता है। युवक के ऑफिस पहुंचने के तरीके को देख लोग हैरान हैं।
पैरामोटर से जाते हैं ऑफिस
कार या बस लेने के बजाय कोलोराडो के रहने वाले एयर ट्रैफिक कंट्रोलर जैकब हट्ज़लर अपने काम पर जाने के लिए पैरामोटर का इस्तेमाल करते हैं। इस अनोखे परिवहन माध्यम के जरिए उन्हें अपने ऑफिस पहुंचने में सिर्फ 20 मिनट का समय लगता है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो के माध्यम से हट्जलर ने अपनी इस रोमांचक और अनूठी डेली कम्यूट यात्रा के बारे में दुनिया को बताया। उनके मुताबिक, इस तरह की उड़ान के लिए किसी बड़े रनवे की कोई आवश्यकता नहीं होती, बल्कि इसके लिए केवल उड़ने का शौक और कुछ हटकर करने का साहस चाहिए होता है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोलर हैं जैकब
अपने इस सफर के बारे में विस्तार से बताते हुए जैकब हट्जलर कहते हैं, मैं एक एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के रूप में अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए अपना पैरामोटर उड़ाता हूं। पैरामोटर असल में एक पैराग्लाइडर की तरह होता है, जिसके पिछले हिस्से में एक शक्तिशाली प्रोपेलर लगा होता है। इसमें आपको अपनी पीठ पर मोटर और प्रोपेलर को कसना होता है, थोड़ा दौड़कर उड़ान भरनी पड़ती है और फिर आप हवा में बादलों के बीच तैरने लगते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि वे पैराजेट मेवरिक का इस्तेमाल करते हैं, जिसमें ओजोन सिरोको 3 18m विंग लगा होता है। यह सेटअप उन्हें बेहतरीन स्पीड, परफॉरमेंस और नियंत्रण का शानदार तालमेल देता है।
हट्जलर ने बताया कि वे सबसे पहले अपने अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के सामने सड़क तक पैदल चलकर आते हैं, फिर वहां अपना विंग सेट करते हैं और उड़ान भरने से पहले मोटर की तकनीकी जांच करते हैं। इसके बाद वे आसमान में उड़ान भरते हैं और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर तक पहुंचने में उन्हें महज 20 मिनट लगते हैं। हालांकि, इस दौरान उन्हें नियमों का भी पालन करना पड़ता है।
क्लास डेल्टा एयरस्पेस में प्रवेश करने से पहले उनके लिए टावर के साथ टू-वे कम्युनिकेशन यानी दोतरफा बातचीत स्थापित करना अनिवार्य होता है। आसमान में अकेले सफर करते हुए हट्जलर टावर पर मौजूद अपने सहकर्मियों से संपर्क साधते हैं और एयरपोर्ट के दक्षिण हिस्से में सुरक्षित उतरने की अनुमति मांगते हैं।
टावर से हरी झंडी मिलने के बाद, जहां उन्हें अपने जोखिम पर उतरने और शांत हवा में सावधानी बरतने की हिदायत दी जाती है—वे बेहद शालीनता और आराम से जमीन पर लैंड करते हैं।
सोशल मीडिया पर जैकब का यह वीडियो वायरल है। इस वायरल वीडियो को 13.5 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है और इस पर हजारों लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। इंटरनेट यूजर्स उनके इस अनोखे और रोमांचक अंदाज को देखकर हैरान हैं।
