शी चिनफिंग के नेतृत्व में बहुत आक्रामक हो गया चीन का व्यवहार: निक्की हेली
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली ने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व में चीन का व्यवहार और आक्रामक तथा परेशान करने वाला हो गया है।
वाशिंगटन, पीटीआइ। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली ने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व में चीन का व्यवहार और आक्रामक तथा परेशान करने वाला हो गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह रवैया ज्यादा समय तक नहीं चल सकता। भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक निक्की हेली ने फॉक्स न्यूज को दिए गए साक्षात्कार में कहा कि संयुक्त राष्ट्र में उनके कार्यकाल के दौरान चीन शांत और रणनीतिक था।
कुछ निश्चित क्षेत्रों में उन्हें जगह मिले
वह यह सुनिश्चित करते थे कि कुछ निश्चित क्षेत्रों में उन्हें जगह मिले और अपने कामों को वे गुपचुप तरीके से अंजाम देने की कोशिश करते थे। हेली ने आरोप लगाते हुए कहा कि जैसे ही राष्ट्रपति शी ने खुद को एक तरह से राजा घोषित किया, वे बहुत ही आक्रामक हो गए और दूसरों को परेशान करने लगे।
उन्होंने देशों पर दबाव बनाते हुए सीधे-सीधे अपने पक्ष में मतदान करने को कहना शुरू कर दिया। संयुक्त राष्ट्र में पद और नेतृत्व की भूमिकाओं की मांग करते हुए उन्होंने अपना रुख आक्रामक कर लिया और सभी को नीचा दिखाने लगे।
बेल्ट एंड रोड चीन ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं छोटे देशों
हेली ने कहा कि बेल्ट एंड रोड पहल के तहत चीन ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर छोटे देशों के साथ साझेदारी करने की कोशिश शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि अधिकांश देशों को उनका रवैया पसंद नहीं आ रहा है। अब हम देख रहे हैं कि उसका रवैया कितना आक्रामक हो गया है। हालांकि यह लंबे समय तक नहीं चलेगा। जब कोई देश अपने लोगों को स्वतंत्रता नहीं देता है तब वहां यकीनन एक समय ऐसा आता है जब लोग विद्रोह कर देते हैं। हेली ने 2018 में संयुक्त राष्ट्र में पद से इस्तीफा दिया था।
ये भी पढ़ें: महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को रोकने के लिए त्रिपुरा विश्वविद्यालय के छात्रों ने शुरु किया ऑनलाइन अभियान