US: शिकागो में बंदूकधारी ने की अंधाधुंध फायरिंग, पांच की मौत; हमलावर ढेर
इलिनॉय प्रांत के शिकागो शहर के इंडस्ट्रियल इलाके में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग कर पांच लोगों की जान ले ली। पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया है।
शिकागो, एएनआइ। अमेरिका में एक बार फिर अंधाधुंध फायरिंग कर लोगों को मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। जहां इलिनॉय प्रांत के शिकागो शहर के इंडस्ट्रियल इलाके में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग कर पांच लोगों की जान ले ली। गोलाबारी की इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया है। बंदूकधारी की पहचान 45 वर्षीय गैरी मार्टिन के रूप में की गई है, जो पेशे से एक कर्मचारी था।
बताया जा रहा है कि गोलाबारी की यह घटना इलिनॉय के अरोरा स्थित एक बड़ी विनिर्माण इकाई में दोपहर करीब एक बजकर 28 मिनट पर हुई। लंबी मुठभेड़ के बाद पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया। वहीं, अरोरा पुलिस प्रमुख क्रिस्टन जिमेन ने बताया कि इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। दो जख्मी पुलिसकर्मियों को हवाई मार्ग से शिकागो के ट्रामा सेंटर ले जाया गया है।
फिलहाल पुलिस को इस गोलीबारी के पीछे का कारण पता नहीं चल सका है। हालांकि चश्मदीदों का कहना है कि बंदूकधारी एक असंतुष्ट कर्मचारी था। इस बीच व्हाइट हाउस ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, ' इलिनॉय के अरोरा में कानूनी एजेंसियों ने बेहतरीन काम किया। पीड़ितों और उनके परिवार वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। अमेरिका आपके साथ है।’