विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अरबों लोगों की हो सकती है मौत', बिल गेट्स ने एआई को लेकर दी चेतावनी

Published: Sun, 27 Sep 2026 12:25 PM (IST)

अब बिल गेट्स ने भी AI की बढ़ती ताकत को लेकर गंभीर चेतावनी दी है, जिसमें उन्होंने कहा कि यह अरबों लोगों की मौत का कारण बन सकती है।

माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स।

माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स।

HighLights

  1. बिल गेट्स ने AI से अरबों मौतों की आशंका जताई।

  2. उन्होंने AI विनियमन और निगरानी के लिए अपील की।

  3. बुरे इरादों वाले लोगों द्वारा AI उपयोग खतरनाक हो सकता है।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेजी से बढ़ती ताकत और इसके खतरनाक परिणामों को लेकर दुनिया भर में एक बार फिर बड़ी बहस छिड़ गई है।

ऐसे में अब माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने भी एआई को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में साफ-साफ कहा है कि एआई की तकनीक इतनी ज्यादा ताकतवर है कि यह ऐसी घटनाओं को अंजाम दे सकती है, जिससे अरबों लोगों की मौत तक हो सकती है।

बिल गेट्स ने क्या कहा?

एनबीसी के शो 'मीट द प्रेस' में बातचीत के दौरान बिल गेट्स ने कहा कि एआई निश्चित रूप से इतनी शक्तिशाली है कि यह ऐसी घटनाओं को बढ़ावा दे सकती है, जो एक अरब मौतों का कारण बन सकती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि बुरे इरादों वाले लोगों द्वारा नवीनतम एआई टूल्स का इस्तेमाल करने से खतरनाक स्थिति बन सकती है, क्योंकि इतिहास में इससे शक्तिशाली कोई हथियार कभी नहीं रहा।

बिल गेट्स ने अमेरिकियों से की बड़ी अपील

गेट्स ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोई भी यह नहीं सोचता कि कंपनियां खुद को सेल्फ-रेगुलेट कर सकती हैं, इसलिए राजनेताओं और कानून निर्माताओं को आगे आना चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका में इसे लेकर कोई कानून बनना चाहिए, तो उन्होंने तुरंत जवाब दिया, बिल्कुल।

बिल गेट्स के अनुसार सेफगार्ड्स और निगरानी पर चर्चा के लिए राजनीतिज्ञों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों का शामिल होना अनिवार्य है। इससे उद्योग जगत पर थोड़ा बहुत प्रशासनिक बोझ जरूर आ सकता है, लेकिन इससे उनके काम की रफ्तार में कोई भारी रुकावट नहीं आएगी। उन्होंने अमेरिकियों से अपील की कि वे इन खतरों को नजरअंदाज बिल्कुल न करें।

कैसे शुरू हुई एआई के खतरों पर यह बहस?

बता दें कि सिलिकॉन वैली में एआई के जोखिमों को लेकर यह नया विवाद तब शुरू हुआ जब एथ्रोपिक कंपनी के एक कर्मचारी जैकब कॉक्सन ने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपनी पूर्व नियोक्ता कंपनियों एथ्रोपिक और ओपनएआई पर यह गंभीर आरोप लगाया कि वे सुपर-इंटेलिजेंट एआई की दौड़ में जल्दबाजी करके हमारी जिंदगियों के साथ जुआ खेल रहे हैं।

इसके तुरंत बाद, एथ्रोपिक के सह-संस्थापक डारियो अमोदेई ने अपने ब्लॉग में एआई कंपनियों से मॉडलों के विकास की गति को धीमा करने की अपील की। उन्होंने 'रिकर्सिव सेल्फ-इम्प्रूवमेंट' पर चिंता जताई। अमोदेई ने सुझाव दिया कि एआई के विकास के लिए एक तीन-सूत्रीय समाधान अपनाया जाना चाहिए, जिसमें बाहरी मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा निगरानी, तय सुरक्षा नियम और लोकतांत्रिक व सत्तावादी देशों के बीच आपसी सहयोग शामिल है।