बिडेन ने किया किसी महिला को उप राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने का वादा
77 वर्षीय बिडेन ने एक सवाल पर कहा मैं उप राष्ट्रपति पद के लिए महिला का चयन करूंगा।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका की विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जो बिडेन ने वादा किया है कि अगर वह राष्ट्रपति उम्मीदवारी पाने में सफल रहे तो उप राष्ट्रपति पद के लिए किसी महिला को उम्मीदवार बनाएंगे। पूर्व उप राष्ट्रपति बिडेन डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने की दौड़ में प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स से काफी आगे चल रहे हैं।
दोनों डेमोक्रेट्स दावेदारों के बीच टीवी पर कराई गई बहस के दौरान 77 वर्षीय बिडेन ने एक सवाल पर कहा, 'मैं उप राष्ट्रपति पद के लिए महिला का चयन करूंगा। मैं इस बात के लिए भी प्रतिबद्ध हूं कि अगर मैं राष्ट्रपति चुना गया तो अदालतों में पहली अश्वेत महिला की नियुक्ति करूंगा।'
वर्ष 2008 के चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन मैक्केन ने सारा पालिन को उप राष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाया था। लेकिन राष्ट्रपति चुनाव में मैक्केन को बराक ओबामा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वर्ष 2016 में हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति उम्मीदवारी हासिल करने वाली पहली महिला बनी थीं, लेकिन चुनाव में वह डोनाल्ड ट्रंप से हार गई थीं।