फ्लोरिडा के आसमां पर लहराया बैनर, अब तक के सबसे खराब राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो रिसॉर्ट के ऊपर आसमान में रविवार को एक बैनर लहराता दिखा जिस पर ट्रंप को अब तक का सबसे खराब राष्ट्रपति बताया गया था। यह बैनर एक प्लेन के पीछे लगा था।
वाशिंगटन, एएनआइ। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो रिसॉर्ट के ऊपर आसमान में रविवार को एक बैनर लहराता दिखा जिस पर ट्रंप को अब तक का सबसे खराब राष्ट्रपति बताया गया था। यह बैनर एक प्लेन के पीछे लगा था। आसमान में लहराते इस बैनर की तस्वीर एक ट्विटर यूजर डेनियल उह्लफेल्डर ने शेयर की थी।
इंटरनेट मीडिया पर ट्वीट वायरल
उह्लफेल्डर ने ट्विटर पर एक अन्य बैनर शेयर किया है, जिस पर लिखा था, 'ट्रंप, आप बुरी तरह हार गए हैं और आपको मास्को लौट जाना चाहिए।' जबकि एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'मार-ए- लागो के आसमां पर आज ट्रंप का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।' इंटरनेट मीडिया पर ट्वीट वायरल होते ही यूजर ने टिप्पणी करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, 'ये पोस्ट करने के लिए धन्यवाद और पायलट को थैंक्स।'
एक अन्य यूजर जेनिस ने लिखा कि यह बैनर दिखाता है कि फ्लोरिडा में अच्छे लोग भी रहते हैं। उधर, सीएनएन के अनुसार मार-ए-लागो के कई सदस्य यहां से जा रहे हैं, क्योंकि वे पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप से कोई संपर्क नहीं रखना चाहते हैं।
सर्वे में अमेरिका के लोगों ने माना, डोनाल्ड ट्रंप एक असफल राष्ट्रपति थे
ज्ञात हो कि अमेरिका के काफी संख्या में लोगों ने माना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक असफल राष्ट्रपति थे। सीएनएन/एसएसआरएसके हालिया सर्वे के मुताबिक अमेरिकी लोगों का माना है कि ट्रंप जब व्हाइट हाउस छोड़ेंगे, तब अधिकांश लोग उन्हें एक असफल राष्ट्रपति के रूप में स्वीकार करेंगे। यह सर्वे ट्रंप के राष्ट्रपति रहते हुए 9 से 14 जनवरी के बीच कराया गया था, लेकिन उसे जारी अभी किया गया है।
इस सर्वे में 47 फीसद लोगों ने यह माना कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के सबसे खराब राष्ट्रपति रहे। 13 फीसद लोगों ने बतौर राष्ट्रपति उन्हें औसत से नीचे माना। रेटिंग लिस्ट में वह पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा से पीछे हैं। ओबामा को 17 फीसद लोगों ने खराब राष्ट्रपति माना था। इस सर्वे में ट्रंप को 83 फीसद डेमोक्रेट्स, 43 फीसद इंडीपेंडेंट्स और 17 फीसद रिपब्लिकन ने भी एक असफल राष्ट्रपति के रूप में माना। 46 फीसद लोगों ने यह स्वीकार किया कि ट्रंप के राष्ट्रपति रहते हुए अमेरिका की हालत खराब हुई है।
सर्वे में 55 फीसद लोगों ने ट्रंप को सबसे खराब राष्ट्रपति के रूप में बताया। इस मामले में बुश उनसे कहीं आगे हैं। 68 फीसद लोगों ने जार्ज बुश को सर्वाधिक खराब राष्ट्रपति के रूप में माना। 34 फीसद लोगों ने बराक ओबामा को सबसे खराब राष्ट्रपति के रूप में मत दिया। इसमें बिल क्लिंटन के लिए 29 और जार्ज एच डब्ल्यू बुश के लिए 33 फीसद ने यह राय व्यक्त की।