विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप ने याद दिलाया 'दूसरा विश्वयुद्ध', तो शी चिनफिंग ने 'थ्यूसिडाइड्स ट्रैप' से बचने का दिया मंत्र

Published: Thu, 24 Sep 2026 11:20 PM (IST)

अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर पहुंचे चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अमेरिका के साथ सहयोग का रास्ता अपनाने ...और पढ़ें

ट्रंप और चिनफिंग की गुरुवार को व्हाइट हाउस में कई मुद्दों पर बातचीत हुई (फोटो- रॉयटर)

ट्रंप और चिनफिंग की गुरुवार को व्हाइट हाउस में कई मुद्दों पर बातचीत हुई (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. ट्रंप ने मैरीलैंड में एयरपोर्ट पर किया चीनी राष्ट्रपति का स्वागत, व्यापार और एआई समेत कई मुद्दों पर होगी बात

  2. दोनों देशों ने व्यापार युद्ध रोकने का समझौता 10 जनवरी तक बढ़ाया, ताइवान और दुर्लभ खनिज भी एजेंडे में

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर पहुंचे चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अमेरिका के साथ सहयोग का रास्ता अपनाने की अपील की। चिनफिंग ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ आयोजित स्वागत समारोह में दोनों देशों के बीच संबंधों को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए।

शी ने कहा कि चीन और अमेरिका जैसे दो बड़े देशों को 'थ्यूसिडाइड्स ट्रैप' से बचना चाहिए और सहयोग का रास्ता अपनाना चाहिए।

थ्यूसिडाइड्स ट्रैप एक ऐसी थ्योरी है जिसमें एक उभरती हुई ताकत और एक विकसित और स्थापित ताकत के बीच युद्ध होने की संभावना होती है।

रॉयटर के अनुसार, स्वागत के दौरान चिनफिंग ने कहा कि अमेरिका और चीन दोनों महान देश हैं और उनके हित गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों देशों को एक-दूसरे को प्रतिद्वंद्वी के बजाय साझेदार के रूप में देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चीन का राष्ट्रीय पुनरुत्थान और अमेरिका को फिर महान बनाने का लक्ष्य साथ-साथ आगे बढ़ सकता है।

आगे कहा कि थ्यूसिडाइड्स ट्रैप से बचा जा सकता है। हमें प्रतिस्पर्धा से बचने की जरूरत नहीं है, लेकिन प्रतिस्पर्धा स्वस्थ और सीमित होनी चाहिए। यह एक-दूसरे से आगे निकलने की दौड़ हो, न कि ऐसी कुश्ती जिसमें एक जीते और दूसरा हारे। चीन और अमेरिका को सुनिश्चित करना होगा कि उनके बीच कोई संघर्ष या टकराव न हो।

ट्रंप और चिनफिंग की गुरुवार को व्हाइट हाउस में औपचारिक बातचीत जारी रही। इसमें व्यापार, एआइ, ताइवान, दुर्लभ खनिज और ईरान समेत कई मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है।

ट्रंप ने कहा है कि सुरक्षा, टेक्नोलाजी और सुपर इंटेलिजेंस बातचीत के प्रमुख विषय होंगे। व्यापार युद्ध पर अस्थायी राहतएपी के अनुसार, चिनफिंग की यात्रा से पहले अमेरिका और चीन ने 11 महीने पुराने व्यापार समझौते को 10 जनवरी तक बढ़ाने पर सहमति जताई है। यह समझौता नवंबर में समाप्त होना था।

ट्रंप ने शी चिनफिंग का स्वागत करते हुए उन्हें महान नेता बताया और दोनों देशों के बीच बहुत अच्छा रिश्ता होने की बात कही। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे उस समय दोनों देशों के लोगों ने मिलकर युद्ध जीता था, वैसे ही अब दोनों देश बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करेंगे। ट्रंप ने दोनों के बीच 2016 से चली आ रही अच्छी दोस्ती का भी जिक्र किया।

(इनपुट- रॉयटर, पीटीआई)