भारतीय-अमेरिकी एनजीओ ने इकट्ठा किए लाखों रुपये, दोनों देशों में जरूरतमंदों की करेगा मदद
एक ChaloGive for COVID-19 ऑनलाइन कैंपने चलाया जा रहा है। इस कैंपेन के द्वारा प्राप्त राशि से दोनों देशों के जरूरतमंद लोगों की मदद की जाएगी।
वॉशिंगटन, पीटीआइ। एक भारतीय-अमेरिकी एनजीओ ने कोरोना महामारी के बीच भारत और अमेरिका में भूख से परेशान लोगों के लिए 1 मिलियन यूएस डॉलर इकट्ठा किए हैं। एनजीओ इंडियास्पोरा के बोर्ड के संस्थापक और अध्यक्ष एम आर रंगस्वामी ने कहा इससे अमेरिका में 4,700,000 लोगों को और भारत में 106,000 प्रवासी कर्मचारियों को खाना दिया जा सकेगा।
यह सैन जोस और कैलिफर्निया का वोलंटियर ग्रुप है जिसने पहले 5,000 यूएस डॉलर इकट्ठा किए थे और इसके बाद इसमें 1 मिलियन यूएस डॉलर फंड इकट्ठा कर लिया। रंगास्वामी ने न्यूज एजेंसी पीटीआइ को बताया कि यह सिर्फ भारतीय अमेरिकियों का एक समूह है। इनके द्वारा एक 'ChaloGive for COVID-19' ऑनलाइन कैंपने चलाया जा रहा है। इस कैंपेन के द्वारा प्राप्त राशि से दोनों देशों के जरूरतमंद लोगों की मदद की जाएगी।
रंगस्वामी ने कहा कि इस कोरोना महामारी के समय में भारत और अमेरिका में संक्रमण के काफी मामले सामने आ रहे हैं। भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने पूरे देश में शानदार प्रदर्शन किया है। इंडियास्पोरा को डोनेशन देकर ही नहीं बल्कि इस समुदाय ने अन्य कई तरीकों से लोगों की मदद की है। कई जगह सिखों द्वारा लंगर लगाए जा रहे हैं तो वहीं बच्चे मास्क बना रहे हैं। यह देश भर का एक ऐसा दौर रहा है, जिसे मैंने पहले कभी नहीं देखा था।
ऐसा समर्थन 2001 में गुजरात आए भूकंप के दौरान देखा गया था लेकिन उस समय यह कदम अमेरिका और भारत के तात्कालिक प्रधानमंत्री बिल क्लिंटन और अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा उठाए गए थे। उन्होंने कहा कि उसके बाद से अब तक मैंने इस तरह के प्रयास नहीं देखे थे।
गौरतलब है कि भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 23 हजार के ऊपर पहुंच चुकी है। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 718 हो गया है। अब तक 4,748 लोग स्वस्थ हुए हैं।
वहीं अमेरिका में अब तक 8 लाख से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं वहीं पिछले 24 घंटों में यहां 3176 लोगों की मौत हो चुकी है। जिससे अमेरिका में मौत का कुल आंकड़ा 50 हजार के करीब पहुंच गया है।