केक खाने पर दो बहनों ने की तीन साल के मासूम की हत्या
अमेरिका में कप केक खाने पर दो बहनों ने मिलकर एक तीन साल के मासूम की हत्या कर दी।
न्यूयॉर्क (आइएएनएस)। अमेरिका के अटलांटा शहर में कप केक खाने पर दो बहनों ने तीन साल के बच्चे को पीटकर मार डाला। पुलिस के अनुसार तीन वर्षीय केजुआन मैसन ने रसोईघर में चुपके से घुसकर केक खा लिया था। इस पर ग्लेंड्रिया और लाशिरले इस कदर नाराज हुई कि दोनों ने मिलकर बच्चे को बेसबॉल बैट से पीटना शुरू कर दिया। इससे बच्चे के सिर और शरीर के अन्य भागों पर गंभीर चोटें आई। इसके कारण उसकी मौत हो गई।
घटना 31 अक्टूबर 2017 की है। पहले दोनों बहनों ने कहा था कि केक के गले में अटकने से बच्चे ने दम तोड़ा था। हालांकि पुलिस को युवतियों के विरोधाभासी बयानों से संदेह हो रहा था। अब पुलिस ने दोनों बहनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दोष साबित होने पर दोनों को आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। स्थानीय मीडिया के अनुसार बच्चे की मां के पास कोई घर नहीं था।
इस पर कोर्ट ने बच्चे पर से महिला का अधिकार छीनते हुए उसे पालने के लिए उक्त दोनों बहनों को सौंप दिया था। वहीं मैसन की मां लगातार अपने बच्चे की कस्टडी के लिए कोशिश कर रही थी। मैसन की मौत से तीन दिन पहले भी उसकी मां ने अदालत से बच्चे को सौंप देने की गुहार लगाई थी। उसने बताया था कि दोनों युवतियों के घर में उसका बच्चा सुरक्षित नहीं है लेकिन जज ने अपील को नकार दिया था।