अमेरिकी वैज्ञानिकों का दावा, 3.5 अरब साल पहले सूख गई थीं मंगल ग्रह की झीलें
मंगल की सभी झीलें करीब 3.5 अरब साल पहले ही सूख गई थीं। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने अध्ययन करने के बाद यह दावा किया है।
न्यूयॉर्क, आइएएनएस। मंगल की सभी झीलें करीब 3.5 अरब साल पहले ही सूख गई थीं। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने लाल ग्रह की सतह पर मौजूद लंबी दरारों का अध्ययन करने के बाद यह दावा किया है। इन दरारों की खोज अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने 2017 की शुरुआत में की थी।
-क्यूरियोसिटी रोवर द्वारा खोजी गई दरारों के अध्ययन से चला पता
कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में प्राचीन काल में पृथ्वी के पड़ोसी ग्रह के मौसम से जुड़ी जानकारियों पर से भी पर्दा उठाया है। वैज्ञानिक नैथनील स्टीन का कहना है कि किसी भी प्राकृतिक जलस्त्रोत की तलछट के हवा के संपर्क में आने से सूखी दरारों का निर्माण होता है। ये दरारें झीलों के किनारे की जगह उनके केंद्र के नजदीक स्थित हैं। इससे स्पष्ट है कि समय के साथ इन झीलों के स्तर में उतार-चढ़ाव भी होता था।
जियोलॉजी जर्नल में छपे इस शोध के अनुसार पृथ्वी की तरह मंगल के झरने भी एक ही तरह के चक्र का पालन करते थे। इस अध्ययन से लाल ग्रह पर मौजूद झील की प्रणालियों के विषय में जानकारियां सामने आएंगी। स्टीन का कहना है कि यह अध्ययन क्यूरियोसिटी रोवर के मिशन का दूसरा अध्याय है। अभी बहुत सी रोमांचक जानकारियों से पर्दा उठना बाकी है।