अमेरिका के भारतवंशियों ने की बिहार में विकास की पेशकश, सहयोग और सुझाव देने को भी तैयार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से प्रदेश के विकास में सहयोग करने की पेशकश की गई है। प्रवासियों द्वारा नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनने की बधाई देते हुए वहां शिक्षा स्वास्थ्य और उद्योगों के विकास के लिए तत्परता दिखाने को कहा गया है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में रहने वाले प्रवासियों ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से प्रदेश के विकास में सहयोग करने की पेशकश की है। प्रवासियों ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनने की बधाई देते हुए कहा है कि वे बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योगों के विकास के लिए अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं।
बिहार से अमेरिका जाकर बसे विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने कहा कि बिहार संभावनाओं का प्रदेश है। हम चाहते हैं कि बिहार सरकार विकास में हमें भी एक पार्टनर के रूप में समझे। टेक्नालॉजी क्षेत्र में काम कर रहे संजीव सिंह ने कहा कि बिहार की कानून व्यवस्था पिछले कुछ सालों में बहुत सुधरी है, लेकिन हमें ग्रामीण क्षेत्रों में ढांचागत विकास के साथ ही सामाजिक न्याय, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में बहुत कुछ काम करने की आवश्यकता है।
न्यूजर्सी में काउंसिल सदस्य रहे सुधांशु प्रसाद ने कहा है कि नई सरकार से जनता को बहुत अपेक्षा है। प्रवासियों ने कहा है कि बिहार में विशेष आर्थिक जोन, स्मार्ट सिटी बनाकर निर्यात बढ़ाने की जरूरत है। एक एनआरआइ सैल बननी चाहिए। जहां हम अपना सहयोग और सुझाव दे सकें।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में संपन्न हुए थे। 10 नवंबर को नई सरकार की राह साफ हो गई थी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 125 सीट हासिल की थी। नीतीश के 7वीं बार मुख्यमंत्री पद के शपथ समारोह में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी दिल्ली से पटना पहुंचे थे। हालांकि विपक्ष ने इस समारोह का बहिष्कार किया। आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया था। इस चुनाव में विपक्षी महागठबंधन को 110 सीटें मिली थी। राजग में भाजपा को 74 सीटें, जेडीयू को 43, हम और वीआईपी को चार-चार सीटें मिली थी।