अमेरिका ने सीरिया पर लगाए और प्रतिबंध, असद के लिए अब सरकार चलाना होगा मुश्किल
इन प्रतिबंधों से दस साल के गृह युद्ध से बर्बाद सीरिया की हालत और बिगड़े के आसार हैं।
वाशिंगटन, रायटर। अमेरिका ने बुधवार को सीरिया पर अभी तक के सबसे बड़े प्रतिबंध लगा दिए। इन प्रतिबंधों के चलते सीरिया की राजस्व उगाही में भारी कमी आएगी और राष्ट्रपति बशर अल-असद के लिए सरकार चलाना मुश्किल हो जाएगा। इन प्रतिबंधों का उद्देश्य देश में दस साल से चल रहे गृह युद्ध को समाप्त कराना है। सीरिया में अमेरिका के समर्थन वाले विद्रोही असद को सत्ता से हटाने के लिए दस साल से संघर्ष छेड़े हुए हैं और उन्होंने देश के बड़ी भूभाग पर कब्जा भी कर रखा है जबकि असद को रूसी सेनाओं का समर्थन हासिल है।
अमेरिका के नए प्रतिबंधों में सीरिया की 39 कंपनियों और लोगों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। प्रतिबंधों के दायरे में राष्ट्रपति असद और उनकी पत्नी आस्मां भी हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने असद को सीरिया का सबसे बड़ा युद्ध अपराधी करार दिया है जिसकी वजह से लाखों लोग मारे गए और दसियों लाख बेघर हुए हैं।
इन प्रतिबंधों से दस साल के गृह युद्ध से बर्बाद सीरिया की हालत और बिगड़े के आसार हैं। ये प्रतिबंध ऐसे समय में लगे हैं जब सरकार के कब्जे वाले इलाकों में जरूरी वस्तुओं की किल्लत पैदा हो रही है और लोग सड़कों पर निकलकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। केसर सीरिया नागरिक सुरक्षा कानून के नाम से इन प्रतिबंध प्रावधानों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिसंबर 2019 में दस्तखत कर दिए थे लेकिन उन्हें बुधवार से लागू किया गया।
पोंपियो ने कहा कि नए प्रतिबंधों से असद पर राजनीतिक और आर्थिक दबाव बढ़ेगा। उन्होंने कहा, हम अभी और प्रतिबंध लगाएंगे। ये तब तक जारी रहेंगे जब तक असद की सेना बर्बर तरीके से नागरिकों के खिलाफ छेड़ा युद्ध नहीं रोकते। सीरिया वर्षो से अमेरिका और यूरोपीय यूनियन के प्रतिबंध झेल रहा है। इससे उसकी अर्थव्यवस्था बर्बादी के कगार पर पहुंच गई है।