आधी सदी के बाद फिर चांद पर जाएगा मनुष्य, NASA ने किया 'Artemis' 2024 का शेड्यूल जारी
NASA ने 2024 में चांद पर जाने के अपने मिशन आर्टमिस का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस मिशन के तहत लगभग आधी सदी बाद मानव को फिर से चांद पर भेजा जाना है।
वाशिंगटन, एएफपी। NASA ने 2024 में चांद पर जाने के अपने मिशन 'आर्टमिस' का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस मिशन के तहत लगभग आधी सदी बाद मानव को फिर से चांद पर भेजा जाना है। यह मिशन आठ चरणों में पूरा होगा। इसके तहत चांद पर एक छोटे स्टेशन का निर्माण भी किया जाना है।
चांद पर भेजे गए पहले वास्तविक मिशन का नाम अपोलो था। यूनान की पौराणिक कथाओं के मुताबिक आर्टमिस अपोलो की जुड़वां बहन थी। उन्हें शिकार, जंगल और चंद्रमा की देवी भी माना जाता है।
नासा के प्रशासक जिम ब्राइडेनस्टाइन ने बताया कि आर्टमिस-1 के तहत 2020 में चांद पर केवल अंतरिक्ष यान भेजा जाएगा। इस मिशन के दूसरे चरण आर्टिमिस-2 में अंतरिक्ष यात्री चांद की कक्षा में जाएंगे तो तीसरे मिशन आर्टमिस-3 में अंतरिक्ष यात्री उपग्रह पर अपने कदम रखेंगे। इसके तहत पहली बार कोई महिला अंतरिक्ष यात्री चांद पर अपने कदम रखेगी। तीनों मिशन बोइंग के अब तक के सबसे बड़े रॉकेट स्पेस लांच सिस्टम (एसएलएस) से प्रक्षेपित किए जाएंगे। ब्राइडेनस्टाइन ने बताया कि इनके अलावा पांच और प्रक्षेपण भी किए जाने हैं। इनके जरिए चांद पर मिनी स्टेशन बनाने के लिए 'गेट-वे' का सामान भेजा जाना है। यह मिनी स्टेशन चंद्रमा पर लैंडिंग के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप