WHO के खिलाफ बढ़ा गुस्सा, जापान बोला- चीनी स्वास्थ्य संगठन कर दें नाम, दुनियाभर में 58,631 मौतें
स्पेन में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 809 लोगों की मौत हो गई है जबकि दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या दस लाख के पार पहुंच गई है।
मैड्रिड/पेरिस, एजेंसियां। दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या दस लाख को पार कर गई है। समाचार एजेंसी रॉयटर के मुताबिक, अब तक इस वायरस से दुनियाभर में 58,631 लोगों की मौत हो चुकी है। स्पेन में एक ही दिन में इस वायरस से 809 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही स्पेन में मृतकों की संख्या 11,744 पर पहुंच गई। कोरोना से मौतों के मामले में स्पेन नंबर वन पर है जबकि इटली दूसरे स्थान पर... अमेरिका अब पूरी दुनिया में महामारी के नए केंद्र के तौर पर उभरा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेताया है कि आने वाले दिनों हालात और भयावह होंगे।
जापान ने WHO पर उठाए सवाल
जापान ने चीन को लेकर (World Health Organization यानी WHO) के नजरिये पर सवालिया निशाना खड़ा किया है। उप प्रधानमंत्री तारो असो ने कहा है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का नाम बदलकर चीनी स्वास्थ्य संगठन होना चाहिए। बता दें कि संक्रमण को रोकने के बारे में तत्काल कार्रवाई नहीं करने पर डब्ल्यूएचओ विभिन्न देशों के निशाने पर है। उसकी बेरुखी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 23 जनवरी को उसने वायरस के संक्रमण को एक वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने से मना कर दिया था, जबकि संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे थे।
WHO को चीनी स्वास्थ्य संगठन कहा जाए
जापानी सांसदों से बात करते हुए आसो ने डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम ग्रेब्रियेसस को हटाने के संदर्भ में एक ऑनलाइन याचिका चेंजडॉटओआरजी का हवाला दिया। आसो ने कहा कि डब्ल्यूएचओ के पूर्व प्रमुख एक चीनी नागरिक थे और उस समय भी विभिन्न देशों ने शिकायतें की थीं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन याचिका को अब तक तीन लाख लोगों का समर्थन मिल चुका है और उम्मीद है कि पांच लाख लोग इसे अपना समर्थन प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि आम लोगों को लगता है कि WHO को अपना नाम बदल लेना चाहिए। इसे WHO नहीं बल्कि चीनी स्वास्थ्य संगठन कहा जाना चाहिए।
स्पेन में 24 घंटों के दौरान 809 की मौत
स्पेन में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 809 लोगों की मौत हुई है। शुक्रवार को यह संख्या 932 थी। स्पेन में मरने वालों की कुल संख्या 11,744 हो गई है। संक्रमित लोगों की बात करें तो आंकड़ा 1,17,710 से बढ़कर 1,24,736 हो गया है। उधर, अस्पताल से डिस्चार्ज हो रहे लोगों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन में रखा जा रहा है। देश में लॉकडाउन को बढ़ाने के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री सल्वाडोर इला ने कहा कि प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज इस मुद्दे पर कोरोनावायरस टास्क फोर्स के साथ पहले एक बैठक करेंगे और इसके बाद विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे कि लॉकडाउन को 13 अप्रैल से आगे बढ़ाया जाए या नहीं। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना कि लॉकडाउन से संक्रमण के नए मामलों में कमी आई है।
ब्रिटेन में 708 और लोगों की मौत
ब्रिटेन में संक्रमण से एक दिन में 708 और लोगों की मौत हुई है। इस तरह मरने वालों की तादाद 4,313 हो गई है। अभी तक 1,83,190 लोगों का टेस्ट किया गया है, जिसमें 41,903 का टेस्ट पॉजिटिव आया है। पाकिस्तान में 2700 से ज्यादा संक्रमित शनिवार को पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 2,708 हो गए हैं। अकेले पंजाब प्रांत में संक्रमित लोगों की संख्या एक हजार से ज्यादा हो गई है। नेशनल हेल्थ सर्विस के मुताबिक अब तक देश में संक्रमण से 40 लोगों की मौत हो चुकी है। उधर, शुक्रवार को विश्व बैंक ने कोरोना महामारी से लड़ने के लिए पाकिस्तान को 200 मिलियन डॉलर (1500 करोड़ रुपये से ज्यादा) की आर्थिक सहायता को मंजूरी प्रदान कर दी।
यूरोप पर तगड़ी मार
दुनिया के दो सौ देशों के 1,122,320 लोग संक्रमित हैं। हालांकि एक बात अच्छी है कि अब तक पूरी दुनिया में 2,11,600 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। इस महामारी से यूरोप सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहां पर संक्रमण के 6,03,778 मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि 43,146 लोगों की मौत हुई है। यूरोप के दो देश इटली और स्पेन सर्वाधिक प्रभावित हैं। अकेले 26 हजार से ज्यादा मौतें इन्हीं देशों में हुई हैं। एशिया की बात करें तो यहां अभी तक 1,15,730 संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 4,123 लोगों की मौत हुई है।
देश मौतें संक्रमण
इटली 14,681-1,19,827
स्पेन 11,744-1,24,736
अमेरिका 7,406-2,77,613
फ्रांस 6,507-82,165
ब्रिटेन 4,313-41,903
ईरान 3,452-55,743
चीन 3,326-81,639
जर्मनी 1,295-92,050
बांग्लादेश में लॉकडाउन बढ़ाया
- सिंगापुर में शनिवार को कोरोना से छठी मौत हुई। वहां संक्रमित लोगों की संख्या 1,114 हो गई है।
- इटली में शू डिजाइनर सर्गियो रोसी की कोरोना से मौत। वह 84 वर्ष के थे।
- बांग्लादेश में लॉकडाउन को 11 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है।
इंडोनेशिया में मौत के आंकड़ों पर उठे सवाल
इंडोनेशिया की सरकार के मुताबिक देश में संक्रमण के 2092 मामले हैं जबकि 191 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि राजधानी जाकार्ता में पिछले महीने अंतिम संस्कार में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए इन आंकड़ों पर सवाल उठने लगे हैं। इंडोनेशिया में अभी भी राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन नहीं है और सोशल डिस्टेंसिंग के माध्यम से महामारी से लड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ईरान में 158 और लोगों की मौतईरान में पिछले चौबीस घंटे में 158 और लोगों की मौत हुई है। इस तरह वहां मरने वालों की कुल तादाद 3,452 हो गई है। कुल संक्रमित लोगों की संख्या 55,743 हो गई है। इनमें से 4,103 लोगों की हालत चिंताजनक है।