छह माह बाद धरती पर लौटे तीन अंतरिक्ष यात्री
अपने तीन अभियानों के दौरान फ्यूस्टल अंतरिक्ष में 226 दिन बिताने के साथ नौ बार अंतरिक्ष में चहलकदमी कर चुके हैं।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आइएसएस) में छह माह से ज्यादा समय बिताने के बाद तीन अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित धरती पर लौट आए हैं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के ड्रीव फ्यूस्टल व रिकी अर्नाल्ड और रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रॉसकॉसमॉस के ओलेग आर्तेमयेव 197 दिन आइएसएस में रहे। तीनों गुरुवार को स्थानीय समयानुसार शाम पांच बजकर 44 मिनट पर कजाखस्तान के झेजकजगान में सोयूज एमएस-08 अंतरिक्ष यान से उतरे।
अपने अभियान के दौरान तीनों ने कई शोध के साथ तीन बार अंतरिक्ष में चहलकदमी भी की। आइएसएस की लैब के सही परिचालन के लिए भी तीनों ने काम किया। फ्यूस्टल व रिकी ने अत्यधिक ठंडी क्वांटम गैसों (जिनका तापमान केल्विन स्केल पर शून्य से भी कम होता है) का भी अध्ययन किया। अपने तीन अभियानों के दौरान फ्यूस्टल अंतरिक्ष में 226 दिन बिताने के साथ नौ बार अंतरिक्ष में चहलकदमी कर चुके हैं।
रिकी ने दो अभियानों के दौरान आइएसएस में 209 दिन बिताए हैं। इस दौरान उन्होंने पांच बार अंतरिक्ष में चहलकदमी की। आर्तेमयेव दो अभियान के दौरान 366 दिन अंतरिक्ष में रह चुके हैं। अभियान 57 के सदस्य नासा की सेरेना अनॉन, यूरोपीय स्पेस एजेंसी के एलेक्जेंडर जर्स्ट और रूस के सर्गेई अभी आइएसएस में हैं।