Move to Jagran APP

अमेरिका में पारा पहुंचा शून्य से 40 डिग्री नीचे, अब तक 21 लोगों की मौत

मध्य-पश्चिमी अमेरिका में जमा देने वाली सर्दी का प्रकोप जारी है। ठंड के कारण अस्पतालों में हिमदाह के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

By Mangal YadavEdited By: Published: Fri, 01 Feb 2019 06:26 PM (IST)Updated: Fri, 01 Feb 2019 06:36 PM (IST)
अमेरिका में पारा पहुंचा शून्य से 40 डिग्री नीचे, अब तक 21 लोगों की मौत
अमेरिका में पारा पहुंचा शून्य से 40 डिग्री नीचे, अब तक 21 लोगों की मौत

 वाशिंगटन, एजेंसी। मध्य-पश्चिमी अमेरिका में जमा देने वाली सर्दी का प्रकोप जारी है। ठंड के कारण अस्पतालों में हिमदाह के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस स्थिति में ठंड के संपर्क में आने वाले अंग की त्वचा के साथ उस हिस्से के टिश्यू क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। यह नासूर का रूप ले सकता है और अंग को काटने तक की नौबत आ सकती है। 

loksabha election banner

अब तक 21 लोगों की ठंड से मौत

इलिनॉयस के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ऐसे 30 से अधिक मरीजों की हालत बेहद गंभीर है। ठंड से अब तक यूनिवर्सिटी ऑफ आयोवा के 18 वर्षीय छात्र समेत 21 लोगों की मौत हो गई है। कई जगहों पर तापमान अब भी शून्य से 30-40 डिग्री नीचे है। गुरुवार सुबह पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए इलिनॉयस राज्य में तापमान शून्य से 38 डिग्री नीचे पहुंच गया था। शिकागो और आसपास के इलाकों में भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है। 

बर्फबारी से यातायात पर पड़ा असर 

मध्य-पश्चिमी राज्यों में भारी बर्फबारी के कारण यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बर्फ से भरी सड़कों पर दुर्घटनाओं के चलते मिशिगन के अंतरराज्यीय हाईवे को बंद कर दिया गया है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा वक्त घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। स्कूल और कार्यालय भी बंद हैं। गुरुवार दोपहर तक 2,200 से ज्यादा उड़ानें रद कर दी गई थीं। मौसम विभाग ने हालांकि सप्ताह के अंत तक स्थिति बेहतर होने की संभावना जताई है। बता दें कि अमेरिका में ठंड की वजह से ट्रेन चलाने के लिए पटरियों पर आग जलानी पड़ रही है।  ठंड की वजह से कई ट्रेनें रद कर दी गई हैं। 

कड़ाके की ठंड से हो सकती है ये बीमारी
जानकारों का कहना है कि तापमान इतना नीचे है कि अगर कोई व्यक्ति पांच मिनट भी बाहर रहे तो ठंड के संपर्क में आने वाला अंग हिमदाह का शिकार हो जाएगा। इसका अर्थ है कि उस हिस्से के ऊतक क्षतिग्रस्त हो जाएंगे। वहां नासूर भी बन सकता है। मिनेसोटा के इंटरनेशनल हिल्स पर शून्य से 48 डिग्री कम की शीतलहर दर्ज की गई है। यह दक्षिणी ध्रुव पर स्थित अंटार्कटिका से भी ज्यादा सर्द है। वहां न्यूनतम शून्य से करीब 31 डिग्री सेल्सियस नीचे तक के तापमान की हवाएं चलती हैं।

पूर्वोत्तर में भी ठंड बढ़ने की आशंका 
न्यूयॉर्क समेत देश के पूर्वोत्तर इलाके में भी तापमान घटने की आशंका जताते हुए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर का कहना है कि बर्फीली हवाओं के कारण न्यूयॉर्क का तापमान भी शून्य से नीचे जा सकता है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.