कूड़े के पास बेसुध गर्भवती महिला को लोगों ने कराया भर्ती
जागरण संवाददाता उत्तर दिनाजपुर रायगंज के अब्दुलघाटा इलाके के कुलिक के किनारे कूड़े क
जागरण संवाददाता, उत्तर दिनाजपुर : रायगंज के अब्दुलघाटा इलाके के कुलिक के किनारे कूड़े कचरे के पास एक अज्ञात बेसुध गर्भवती महिला पड़ी हुई थी। स्वेच्छा सेवी संस्था के सदस्यों की मदद से उक्त महिला को रायगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूत्रों के अनुसार गुरुवार रात दस बजे के करीब स्थानीय लोगों ने रायगंज के अब्दुलघाटा इलाके में कुलिक नदी के किनारे कूड़े के ढ़ेर में एक महिला को अचेत अवस्था में देखा। खबर मिलते ही एक स्वेच्छा सेवी संस्था के सदस्यों ने तुरंत उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गएं, जहाँ चिकित्सक ने सात महीने का गर्भवती बताते हुए प्रसूति विभाग में भर्ती कर समुचित ईलाज शुरू किया।
इस सन्दर्भ में मेडिकल कॉलेज के सह प्राचार्य डॉ. सुरजीत कुमार मुखर्जी ने बताया कि एक अज्ञात गर्भवती महिला को बीती रात भर्ती कराया गया है, जो मानसिक रूप से भी सही नहीं लगती । किसी ने उसे इस हालत में फेंक दिया होगा, जिससे उसकी शारीरिक स्थिति काफी दयनीय है। पुलिस को सूचना दे दी गई है, पुलिस छानबीन कर रही है। उक्त महिला को बेहतर उपचार की जा रही है.