पुलिस ने मारपीट के दो आरोपितों को दबोचा
पुरुलिया बाघमुंडी थाने की पुलिस ने महिला के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्त
पुरुलिया : बाघमुंडी थाने की पुलिस ने महिला के साथ मारपीट करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित श्यामापद कार्जि एवं रामकानाइ कार्जि बाघमुंडी थाना अंतर्गत सारजुमातु गांव के रहने वाले हैं। महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि, जब वह तालाब से घर जा रही थी इसी बीच छह लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इनमें से दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
नितुड़िया में युवक का शव मिला, हत्या की आशंका
पुरुलिया : नितुड़िया थाना क्षेत्र के मुरगावनी गांव के पास मैदान से पुलिस ने कमाल अंसारी (30) नामक युवक का शव बरामद किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह राजमिस्त्री था और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के धटाड़ा गांव का रहने वाला था। कुछ दिनों से वाह पाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत हुड़रा स्थित अपने ससुराल में रहता था। वहीं मृतक के घरवालों ने पुलिस को बताया कि कमाल अंसारी सोमवार से लापता था। प्राथमिक जांच में पुलिस ने शव पर चोट के निशान मिले हैं जिससे लगता है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करने के लिए पुरुलिया देवेन महतो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भेज कर एक हत्या का मामला दर्ज किया है।
वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल
पुरुलिया : जिले के बोरो थानाक्षेत्र अंतर्गत रांगाटांड़ में हुई वज्रपात में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं। गंभीर रूप से घायल सुमित्रा मार्डी एवं राहाला बास्के को बसंतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुरुलिया में ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल रन शुरू
पुरुलिया : पुरुलिया देवेन महतो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में बुधवार से लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट का ट्रायल रन शुरू हो गया है। कॉलेज अध्यक्ष पीतवरण चक्रवर्ती ने जानकारी देते हुए कहा कि प्लांट से 20 हजार लीटर लिक्विड ऑक्सीजन का उत्पादन किया जाएगा। बताया कि कॉलेज के हातोयाड़ा कैंपस में कोविड हॉस्पिटल में बेड की संख्या 70 से बढ़ाकर 225 कर दी गई है। संभवत: इसमें सौ और बढ़ाई जाए, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ मेडिकल कॉलेज के पुराने कैंपस में प्रेशर स्विग एडज्वशन (पीएसए) ऑक्सीजन प्लांट निर्माण का काम चला रहा है। इसकी जिम्मेदारी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन को दी गई है।