दुर्गापूजा की खुशियों के बीच पुरुलिया में मातम: सड़क हादसे में एक युवक की जान गई, 4 अस्पताल में भर्ती
पुरुलिया-बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्गापूजा के दौरान दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार ...और पढ़ें

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया।
HighLights
पुरुलिया में दुर्गापूजा के दौरान सड़क हादसा।
दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक की मौत।
चार लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संसू, पुरुलिया । दुर्गापूजा के उल्लास के बीच पुरुलिया-बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एनएच पर स्थित रुछिका ढाबा के समीप दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल पेटाडीह निवासी शांतिराम मुदी को आनन-फानन में इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्योहार के माहौल में हुई इस अनहोनी से मृतक के परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चार घायलों की हालत गंभीर
इस हादसे में पेटाडीह निवासी ठाकुरदास मुदी तथा पाटुआड़ा निवासी शुभजीत रजक, सुमंत माझी और सुजय माझी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल टामना थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है।
पुलिस ने घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दुर्गापूजा के दौरान सड़कों पर बढ़ी चहल-पहल और वाहनों की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
