पुरुलिया में बस स्टैंड और अस्पताल के पास कुत्ते के हमले से दहशत, प्रशासन ने शुरू किया डॉग कैचिंग अभियान
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया शहर में एक आवारा कुत्ते के अचानक आक्रामक होने से 16 लोग घायल हो गए, जिससे बस स्टैंड और सदर अस्पताल के पास दहशत फैल गई।

शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड और सदर अस्पताल के आसपास की सड़कों पर कुत्ते ने राहगीरों पर हमला कर कम से कम 16 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया।
HighLights
पुरुलिया में आवारा कुत्ते के हमले से 16 लोग घायल।
घायलों का अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन से इलाज जारी।
प्रशासन ने डॉग कैचिंग अभियान और निगरानी बढ़ाई।
संवाद सूत्र, पुरुलिया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया शहर में गुरुवार को आवारा कुत्ते के अचानक आक्रामक होने से नागरिकों में भारी दहशत फैल गई।
महज कुछ ही घंटों के भीतर शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड और सदर अस्पताल के आसपास की सड़कों पर कुत्ते ने राहगीरों पर हमला कर कम से कम 16 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। इस अचानक हुए हमले के बाद भीड़भाड़ वाले इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में घायलों का चल रहा इलाज
सभी घायलों को तुरंत स्थानीय देवेन महतो गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कई मरीजों के हाथ और पैरों पर गहरे जख्म आए हैं।
डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने आपातकालीन वार्ड में तत्काल एंटी-रेबीज इंजेक्शन और आवश्यक प्राथमिक उपचार शुरू किया। फिलहाल सभी घायल डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं।
प्रशासनिक सतर्कता और पकड़ने की कवायद
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लंबे समय से आवारा कुत्तों का जमावड़ा बना रहता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सभी हमले किसी एक पागल कुत्ते ने किए हैं या अलग-अलग कुत्तों ने।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुरुलिया नगरपालिका और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की टीम हरकत में आ गई है। प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
कुत्ते को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है। प्रशासन ने आम जनता से सावधान रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
