पुरुलिया में गौवंश तस्करी गिरोह का भंडाफोड़: कपाली के 5 समेत 7 तस्कर गिरफ्तार, 6 लग्जरी गाड़ियां और मवेशी बरामद
पुरुलिया पुलिस ने गौवंश तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें झारखंड के कपाली समेत 7 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
-1793275632645_m.webp)
पुलिस ने गौवंश चोरी और अंतरराज्यीय तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
झारखंड के कपाली समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, 6 लग्जरी वाहन जब्त।
चोरी किए गए 6 गौवंश बरामद कर मालिकों को लौटाए गए।
जासं, पुरुलिया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले की पुलिस ने गौवंश चोरी और अंतरराज्यीय तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी चोरी किए गए मवेशियों को झारखंड ले जाकर उनका वध करते थे और गोमांस के रूप में उनका अवैध इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 6 लग्जरी गाड़ियां (इनोवा, स्कार्पियो और बोलेरो) और चोरी किए गए सभी 6 गौवंशों को सकुशल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया है।
पांच थाना क्षेत्रों में सक्रिय था गिरोह

बेलगुमा पुलिस लाइन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज ने मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने के भीतर जिले के बलरामपुर, आड़षा, बड़ाबाजार, झालदा और आद्रा थाना क्षेत्रों से गौवंश चोरी की पांच बड़ी शिकायतें दर्ज की गई थीं।
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामलों की जांच एक विशेष ‘स्पेशल ऑपरेशन टीम’ को सौंपी।
वीडियो फुटेज से मिला अहम सुराग
स्पेशल ऑपरेशन टीम के प्रभारी जयंत कुमार चक्रवर्ती के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर मिले सीसीटीवी व वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
इसके बाद झारखंड पुलिस के सहयोग से सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को धर दबोचा गया।
उनकी निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुरुलिया के दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली के रहने वाले नजरुल मीर, शाहनवाज खान, शेख मीर वसीम खान, मोइन अंसारी और मोहम्मद कबीर शामिल हैं।
वहीं, पुरुलिया से गिरफ्तार दो अन्य आरोपियों की पहचान पुरुलिया सदर थाना क्षेत्र के कसाई मोहल्ला निवासी मोहम्मद अनवर और झालदा थाना क्षेत्र के कांटाडी गांव निवासी शेख सोहेब के रूप में हुई है। पकड़े गए सभी आरोपियों की उम्र 19 से 36 वर्ष के बीच है।
गाड़ियों की सीटें निकालकर होती थी तस्करी

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। वे कारों की पिछली सीटें निकालकर उसकी जगह खाली करते थे, ताकि मवेशियों को आसानी से लादा जा सके।
इसके बाद वे सुनसान रास्तों से ग्रामीण इलाकों में घुसकर घरों के बाहर बंधे गौवंश को जबरन अपनी गाड़ियों में ठूंसकर झारखंड के कपाली और आसपास के इलाकों में ले जाते थे।
पुलिस द्वारा जब्त की गई छह गाड़ियों (इनोवा, स्कार्पियो और बोलेरो) में कई वाहन बिना नंबर प्लेट या फर्जी नंबर प्लेट वाले पाए गए हैं।
इन गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर वाहन निर्माता कंपनियों को सत्यापन के लिए भेजे गए हैं ताकि उनके असली मालिकों का पता लगाया जा सके।
एसपी ने बताया कि झारखंड के पांच आरोपी मुख्य रूप से चोरी और परिवहन का जिम्मा संभालते थे, जबकि पुरुलिया के दोनों स्थानीय आरोपी चोरी के लिए सही ठिकानों की रेकी करने और गौवंश की उपलब्धता की जानकारी मुहैया कराते थे।
