उलगुलान के बहाने दुलाल ने दिखाई ताकत
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर: प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां एक बार फिर अप
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर:
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां एक बार फिर अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। राज्य स्थापना दिवस व बिरसामुंडा की जयंती पर पटमदा के जल्ला मैदान में आयोजित उलगुलान संकल्प जनसभा में उमड़ी भीड़ को देख गदगद दुलाल भुइयां ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता के मान सम्मान व उनके अधिकार के लिए कोई लड़ सकता है तो वह है उनका अपना दुलाल भुइयां। भगवान बिरसा मुंडा ने कम समय जो काम किया, वह 16 साल में भी झारखंड की सरकार नहीं कर सकी। झारखंड की वर्तमान सरकार जात-पात, धर्म संप्रदाय, बाहरी-भीतरी व स्थानीय नीति के नाम पर आदिवासियों-मूलवासियों को छलने का काम कर रही है। सीएनटी, एसपीटी कानून में बदलाव कर आदिवासियों की जमीन हड़पना चाहती है लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। झारखंड सरकार असंवैधानिक रूप से काम कर रही है, क्योंकि अब तक एक मंत्री का मनोनयन नहीं हुआ है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे लाठी-गोली की इस सरकार को उखाड़ फेंकें। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़कर सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस में शामिल होने वालों का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत, सुबोध कांत सहाय व दुलाल भुइयां ने माला पहनाकर स्वागत किया।
-----
सम्मानित किए गए प्रबुद्ध नागरिक
पटमदा के जल्ला मैदान में आयोजित कांग्रेस पार्टी की उलगुलान जन सभा के दौरान क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले व सामाजिक कार्यो में बढ चढ़ कर योगदान देने वाले लोगों को अतिथियों ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके पश्चात मानकी मुंडा, नायके बाबा, मांझी परगना, पहान, पड़हा, मांझी बाबा, मुखिया, जिला परिषद, पंचायत समिति व समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
----
बादल पाल के गीतों ने लोगों को झुमाया
पटमदा के जल्ला मैदान में कांग्रेस पार्टी की उलगुलान संकल्प जन सभा का समाप्त होने के बाद विख्यात लोक गायक बादल पाल की टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। बादल पाल के ग्रुप ने एक से बढ़कर एक गीत गाये तथा लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोगों देर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाया।